Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मप्र में डूबने से 7 लड़कों की मौत, सतना में नहाते वक्त हादसा, भिंड और राजगढ़ में गणेश विसर्जन करने गए थे

3 लड़कों की हालत गंभीर बताई गई, छिंदवाड़ा में भी दो लड़के डूबे, पता नहीं चल सका
भोपाल। मध्य प्रदेश के भिंड, सतना और राजगढ़ में डूबने से 7 बच्चों की मौत हो गई। 3 की हालत गंभीर है। छिंदवाड़ा में भी दो युवकों के डूबने की खबर है। उनकी तलाश की जा रही है। सतना में पांच बच्चे नहाने गए थे, तभी 3 की डूबने से मौत हो गई। 2 को बचा लिया। भिंड में गणेश विसर्जन के दौरान 3 लड़कों की डूबने से मौत हुई। राजगढ़ में 17 साल का लड़का डूबा।

सतना: तालाब में डूबने से तीन की मौत, दो को बचाया

घटना मैहर तहसील के नादन थाना क्षेत्र की है। यहां जूरा गांव में रविवार शाम करीब साढ़े 4 बजे 5 बच्चे तालाब में नहाने गए थे। इस दौरान 3 बच्चों की डूबने से मौत हो गई। 2 बच्चे बचा लिए गए हैं। पहले दो बच्चों के शव को बरामद किया, उसके बाद तीसरे बच्चे का शव भी कुछ देर बाद बरामद कर लिया। सभी बच्चों की उम्र 10 वर्ष बताई गई। इनकी पहचान लवकुश साकेत, कृष्ण कुमार चौधरी और आशीष साकेत के रूप में हुई। तालाब गहरा था और बारिश के बाद उसमें पानी ज्यादा भर गया था। प्रशासन ने कहा कि प्रत्येक मृतक के परिजन को 4-4 लाख रुपए की सहायता दी जाएगी। तत्काल 50-50 हजार की आर्थिक सहायता दी गई। मर्चुरी में 6 घंटे तक पानी में डूबा रहा शव, स्ट्रेचर नहीं मिलने पर खींच कर निकाला

भिंड: मेहगांव में तीन की मौत, चौथे बच्चे को ग्वालियर रेफर किया

वनखंडेश्वर महादेव मंदिर के पास तालाब में रविवार को गणेश विसर्जन किया जा रहा था। कुछ बच्चे गणेश प्रतिमा विसर्जित करते वक्त गहरे पानी में चले गए। इस वजह से एक के बाद चार बच्चे डूबते चले गए। यह देख गोताखोर पानी में उतरे और बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद जब बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। चौथे की धड़कनें सुनाई देने पर ग्वालियर रेफर किया है। एक-दो और बच्चे लापता बताए गए हैं। उनकी तलाश गांव और तालाब दोनों जगह की जा रही है। हलाली डैम में नहाने उतरे थे पांच दोस्त, एक का पैर फिसला तो बचाने उतरे साथी, तीन की मौत हो गई
राजगढ़: गणेश विसर्जन के दौरान कुएं में डूबने से नाबालिग की मौत
जिले के काचरिया गांव में रविवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा हो गया। यहां गांव का 17 साल का ब्रज सिंह कुएं में डूब गया। ये लड़का गणेश विसर्जन के लिए कुएं के पास गया था। ग्रामीणों की मदद से लड़के को कुएं से निकाला गया और अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया है।
छिंदवाड़ा: खदान में दो लड़के डूबे, पता नहीं चल सका
जिले में रविवार को डूबने की दो घटनाएं हो गईं। यहां अंबाडा में बंद खदान में गणेश प्रतिमा विसर्जन करने गया एक लड़का डूब गया। उसकी तलाश की जा रही है। वहीं, न्यूटन के स्टाफ डेम में नहाने गए दोस्तों में से एक लड़का डूब गया। उसका भी कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस गोताखोरों की मदद से दोनों जगहों पर लड़कों की तलाश कर रही है।
Piyush Singh Rajput
By Piyush Singh Rajput

Latest Posts