ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

धूमधाम के साथ मनाया गया केंद्रीय विद्यालय संगठन का 62 वां स्थापना दिवस, कार्यक्रम में पीपुल्स समाचार के डिप्टी स्टेट एडिटर डॉ. राजीव अग्निहोत्री हुए शामिल

केंद्रीय विद्यालय बैरागढ़ में केंद्रीय विद्यालय संगठन का 62वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य भरत कुमार ने मुख्य अतिथि डॉ. राजीव अग्निहोत्री (डिप्टी स्टेट एडिटर, पीपुल्स समाचार) और अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद प्राचार्य भरत कुमार ने नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। 

विकास में केंद्रीय विद्यालय का योगदान- डॉ. राजीव अग्निहोत्री

डॉ. राजीव अग्निहोत्री ने अपने संबोधन में देश के विकास में केंद्रीय विद्यालयों के योगदान को अहम बताते हुए कहा कि ये विद्यालय शिक्षा के गुणात्मक सुधार के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बैरागढ़ के विकास के साथ-साथ बच्चों और शिक्षकों की उपलब्धियों तथा उनके प्रयासों की सराहना की।

बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन 

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें भाषण, संगीत, नृत्य, योगा और समूह गीत “भारत का स्वर्णिम गौरव केंद्रीय विद्यालय लाएगा” शामिल थे। इसके बाद, मुख्य अतिथि डॉ. राजीव अग्निहोत्री ने शैक्षणिक और सह-पाठयक्रम गतिविधियों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। कार्यक्रम के उपरांत, डॉ. अग्निहोत्री ने विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित कला और विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी प्रशंसा भी की।

 इसी अवसर पर वार्षिक खेल दिवस का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पुरस्कार जीते। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका हिमानी बाली ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

 

संबंधित खबरें...

Back to top button