जबलपुरताजा खबरमध्य प्रदेश

बांधवगढ़ में 5 लोगों की जान लेने वाले से 2 आदमखोर टाइगर वन विहार भोपाल रवाना, स्वभाव में बदलाव के कारण वन विभाग ने लिया निर्णय

उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पतौर एवं मानपुर परिक्षेत्र में आतंक का पर्याय बन चुके दो आदमखोर बाघों को पार्क प्रबंधन ने भोपाल के वन विहार रवाना कर दिया। इन दोनों बाघों को अब बची हुई जिंदगी खुले जंगल के बजाय वन विहार में ही गुजारनी होगी। इन दोनों टाइगर्स को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व ने पहले रेस्क्यू कर बाड़े में छोड़ा था। इसके बाद कुछ दिनों तक इनके बिहेवियर पर रिसर्च के बाद इन्हें विहार भोपाल भेजने का फैसला लिया गया। पार्क प्रबंधन की मानें तो दोनों बाघ अब जंगल में सरवाइव करने लायक नहीं हैं, लिहाजा उन्हें जू में रखना ही उचित होगा। रवाना करने से पहले एक्सपर्ट्स ने इनकी जांच की।

5 इंसानों को मार चुके हैं दोनों बाघ

पार्क प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के ये दोनों बाघ अब तक 5 लोगों की जान ले चुके हैं। पतौर इलाके से पकड़ गए एक बाघ ने दो लोगों पर हमला कर उन्हें मार दिया था जबकि एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

इधर, मानपुर फॉरेस्ट एरिया से पकड़ा गया बाघ ज्यादा आक्रामक था। उसने इस एरिया के तीन लोगों की जान ली थी। ये दोनों टाइगर 6 माह पहले रेस्क्यू किए गए थे और उसके बाद से टाइगर रिजर्व के मगधी जोन के बहेराहा इनक्लोजर में रखे गए थे। वन विभाग ने पकड़ने के बाद दोनों बाघों के स्वभाव का अध्ययन कराया। बिहेवियर को लेकर हुई रिसर्च में एक्सपर्ट्स ने पाया कि ये दोनों टाइगर अब खुले जंगल में रहने के अनुकूल नहीं हैं, लिहाजा इन्हें वन विहार भोपाल शिफ्ट कर दिया जाए।

क्यों हुआ स्वभाव में बदलाव

टाइगर रिजर्व के उप संचालक पीके वर्मा ने बताया कि दोनों ही टाइगर जंगल की अपनी टेरिटरी की सीमा को छोड़कर सटे हुए गांवों में विचरण कर रहे थे। इसके साथ ही दोनों बाघों का स्वभाव बेहद आक्रामक हो गया था और वे आसान शिकार के लिए इंसानों के साथ ही लगातार मवेशियों पर हमला करने के आदि हो चुके थे। लगभग 6 माह तक हुए अध्ययन के बाद सामने आया कि अब ये दोनों जंगल के भीतर सरवाइव करने लायक नही हैं और यदि इन्हें वापस घने जंगलों के भीतर छोड़ा गया तो यह भूख या किसी बड़े बाघ के हमले में मारे जा सकते हैं। यही कारण रहा कि इन्हें वन विहार शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया।

(इनपुट – गोपाल तिवारी)

ये भी पढ़ें- उमरिया में फिर हुआ टाइगर अटैक, चरवाहे पर बाघ ने किया हमला, मौत; तीन माह में 5 पर किया हमला

मध्य प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button