15 सितंबर को 20 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 60 किमी प्रति घंटे तक चल सकती है हवा

मानसून अब धीरे-धीरे विदाई की ओर बढ़ रहा है, लेकिन देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर अभी जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 15 सितंबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में आंधी, बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली कड़कने की भी संभावना है।
20 से ज्यादा राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
आईएमडी के मुताबिक 15 सितंबर को देश के कई राज्यों में तूफानी बारिश की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने बताया है कि इस दौरान कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधान रहने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, कर्नाटक, तेलंगाना, गुजरात और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
मध्य प्रदेश के 15 जिलों में तूफानी बारिश की चेतावनी
मध्य प्रदेश में भी 15 सितंबर को मौसम बिगड़ने का अनुमान है। सागर, नरसिंहपुर, मंडला, नर्मदापुरम, सिवनी, रतलाम, बैतूल, शहडोल, हरदा, खंडवा, इंदौर, विदिशा, राजगढ़, आगर और देवास में तूफानी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। राजधानी भोपाल में आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बिहार के 17 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट
बिहार के 17 जिलों में मूसलाधार बारिश के साथ बिजली गिरने का भी अलर्ट है। पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सारण, सिवान, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पटना में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
गुजरात के 8 जिलों में रेड अलर्ट
गुजरात में मौसम विभाग ने आठ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। अहमदाबाद, गांधीनगर, सुरेंद्रनगर, राजकोट, मोरबी, पोरबंदर, जामनगर और देवभूमि द्वारका में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। इन इलाकों में 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। गांधी में 15 सितंबर को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
दिल्ली में हल्की बारिश, 50 किमी तक चल सकती है हवा
दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 15 सितंबर को बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 16 सितंबर को अधिकतम तापमान 34 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि 17 सितंबर को भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधी की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद, आगरा, मुजफ्फर नगर, मथुरा, मोरादाबाद, कानपुर, गौतमबुद्ध नगर, सीतापुर, सहारनपुर, गोंडा, बिजनौर, बस्ती, रामपुर और उन्नाव में बारिश और आंधी की चेतावनी है। इन इलाकों में 45 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। लखनऊ में 15 सितंबर को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
राजस्थान में भारी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
राजस्थान के टोंक, करौली, पाली, दौसा, बाड़मेर, भरतपुर, कोटा, चुरू, सवाई माधोपुर, चित्तोड़गढ़, धौलपुर, डूंगरपुर और उदयपुर में भारी बारिश और तेज हवा चलने की चेतावनी है। इन इलाकों में 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के झोंके चल सकते हैं। जयपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
अरुणाचल प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश
अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे, पूर्वी कामेंग, अपर सियांग, सियांग, दिबांग घाटी, लोअर दिबांग घाटी, लोहित, पापुम पारे, तिरप और लोंगडिंग जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक यहां हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ईटानगर में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
तमिलनाडु के इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
तमिलनाडु के तिरुपत्तूर, वेल्लोर, तिरुवन्नामलाई, कृष्णगिरि, धर्मपुरी, इरोड, सलेम, नमक्कल, करूर, त्रिची, अरियालुर, पेरम्बलुर और कल्लाकुरिची जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। चेन्नई में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।



















