रायसेन में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का आक्रोश, सड़कों पर उतरकर खुद संभाला मोर्चा

रायसेन। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रही लड़ाई अब ग्रामीण महिलाओं तक पहुंच गई है। आबकारी विभाग की निष्क्रियता से नाराज महिलाएं अब खुद सड़कों पर उतर आई हैं और अवैध शराब के कारोबार को खत्म करने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। देवरी के आदिवासी बहुल गांव कटक और जामनझिरी में महिलाओं ने अनोखा कदम उठाया। उन्होंने पूरे गांव में घूमकर अवैध शराब को जब्त किया और नारेबाजी करते हुए इसे सिर पर रखकर नदी के पुल तक ले गईं। इसके बाद शराब को नदी में फेंककर नष्ट कर दिया।
घरों का माहौल खराब हो रहा
महिलाओं का कहना है कि गांवों में अवैध शराब की बिक्री से घरों का माहौल खराब हो रहा है। उनका आरोप है कि आबकारी विभाग इस समस्या पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा। उधर, रायसेन के चांदना गांव में भी अवैध शराब का कारोबार जोरों पर है। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार के लोग खुद गांव में शराब छोड़कर जाते हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ रही है।





















