भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले जा रहे एकमात्र महिला टेस्ट मैच के दूसरे दिन टीम इंडिया ने पूरी तरह मुकाबले पर अपनी पकड़ बना ली। भारत ने पहली पारी में 285 रन बनाए थे जवाब में इंग्लैंड की टीम सिर्फ 170 रन पर ढेर हो गई।
अपना दूसरा ही टेस्ट मैच खेल रही मध्य प्रदेश की क्रांति गौड़ ने अंग्रेजों को घुटने टिका दिए। क्रांति ने मुकाबले में कुल 17 ओवर फेंके जिनमें 7 मेडन ओवर थे और सिर्फ 37 रन खर्च कर 5 विकेट चटकाएं। उनके दमदार प्रदर्शन के दम पर इंग्लैंड की एक न चली और पूरी टीम महज 170 रन पर सिमट गई।
क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स मैदान के ऑनर बोर्ड पर नाम लिखवाना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होती है, सचिन तेंदुलकर भी ये काम नहीं कर पाए, लेकिन अपना दूसरा ही टेस्ट मैच खेल रहीं भारतीय महिला टीम की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने ये काम कर दिया।
लॉर्ड्स के ऑनर बोर्ड पर उन खिलाड़ियों का नाम आता है जो टेस्ट में शतक या पांच विकेट लेते हैं। सचिन ने अपने पूरे करियर में लॉर्ड्स पर टेस्ट मैच में शतक नहीं जमाया, लेकिन भारतीय महिला टीम की गेंदबाज क्रांति ने अपनी शानदार गेंदबाजी के दम पर अपना नाम लिखवा लिया।
भारतीय टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने इंग्लैंड को काफी परेशान किया, मंधाना ने सिर्फ 108 गेंदों का सामना करते हुए 83 रन की बेहतर पारी खेली, हालांकि वे शतक से चूक गई। अपनी पारी में मंधाना ने 11 चौके और 1 छक्का मारा।