14 जून 1946 को न्यूयॉर्क में जन्मे डोनाल्ड ट्रंप बचपन में इतने शरारती थे कि 13 साल की उम्र में उन्हें मिलिट्री अकादमी भेज दिया गया। वहीं से शुरू हुआ एक ऐसा सफर, जो आगे चलकर व्हाइट हाउस तक पहुंचा।

2016 में हिलेरी क्लिंटन को हराकर ट्रंप पहली बार राष्ट्रपति बने। 2020 में जो बाइडन से हार गए, लेकिन 2024 में कमला हैरिस को मात देकर फिर सत्ता में वापसी कर इतिहास रच दिया।

राजनीति से पहले ट्रंप टीवी की दुनिया में बड़ा नाम थे। 2000 के दशक में 'The Apprentice' शो ने उन्हें घर-घर पहचान दिलाई और उनका मशहूर डायलॉग You're Fired दुनियाभर में वायरल हो गया। इस शो में लोग बिजनेस से जुड़े टास्क करते थे और ट्रंप उन्हें जज करते थे।

डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति होने के साथ-साथ बड़े कारोबारी भी हैं। रियल एस्टेट, गोल्फ रिसॉर्ट और मीडिया कारोबार से ट्रंप ने अरबों डॉलर की संपत्ति बनाई। उनकी कुल नेटवर्थ करीब 6.5 अरब डॉलर बताई जाती है।

ट्रंप अमेरिकी इतिहास के पहले ऐसे राष्ट्रपति बने, जिनके खिलाफ दो बार इम्पीचमेंट की कार्रवाई हुई। हालांकि दोनों बार वे पद से हटने से बच गए। हालांकि, दोनों मामलों में अमेरिकी सीनेट ने उन्हें दोषी नहीं ठहराया, इसलिए वे पद से नहीं हटाए गए।

ट्रंप को गोल्फ से खास लगाव है। वे अक्सर गोल्फ खेलते नजर आते हैं। दुनिया के कई देशों में उनके करीब 20 गोल्फ कोर्स और गोल्फ रिसॉर्ट हैं, जो उनके कारोबारी साम्राज्य का अहम हिस्सा माने जाते हैं।

डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के पहले ऐसे राष्ट्रपति हैं जिनका दो बार तलाक हो चुका है। उन्होंने तीन शादियां की हैं और उनके पांच बच्चे हैं, डोनाल्ड जूनियर, इवांका, एरिक, टिफनी और बैरन ट्रंप। उनका परिवार अक्सर सार्वजनिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में भी नजर आता है।