डोनाल्ड ट्रंप होंगे अगले पोप? डोनाल्ड ट्रंप की AI तस्वीर से बवाल, आलोचना और मजाक दोनों में घिरे अमेरिकी राष्ट्रपति

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक एआई (AI) जनरेटेड फोटो सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा में आ गई है। इस तस्वीर में ट्रंप, पोप की पारंपरिक पोशाक में नजर आ रहे हैं और एक बड़े सिंहासन जैसी कुर्सी पर उसी मुद्रा में बैठे हैं, जैसे असली पोप बैठते हैं। यह फोटो व्हाइट हाउस और खुद ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर शेयर की है।
पोप फ्रांसिस के निधन के बाद सामने आई तस्वीर
गौरतलब है कि, हाल ही में पोप फ्रांसिस का निधन हुआ था और उनका अंतिम संस्कार 26 अप्रैल को वेटिकन सिटी में किया गया, जिसमें दुनिया भर के नेताओं के साथ ट्रंप भी शामिल हुए थे। इस मौके के कुछ ही दिन बाद 30 अप्रैल को जब एक पत्रकार ने ट्रंप से पूछा कि वे अगले पोप के रूप में किसे देखना चाहेंगे, तो उन्होंने मजाक में कहा- “मैं पोप बनना चाहूंगा। यह मेरी पहली पसंद होगी।”सोशल मीडिया पर आया मिला-जुला रिएक्शन
इस तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रिया दो तरह से सामने आई है। एक तरफ कई यूजर्स ने इसे मजेदार और व्यंग्यात्मक बताया है, तो दूसरी ओर बड़ी संख्या में लोगों ने इसे कैथोलिक धर्म और पोप की गरिमा का अपमान माना है। एक यूजर ने लिखा- “यह घृणित और पूरी तरह से अपमानजनक है।” वहीं एक अन्य ने टिप्पणी की- “कैथोलिकों के प्रति कितना असम्मानजनक है। यह धार्मिक प्रक्रिया का मजाक है।”




















