
संभल। यूपी के संभल जिले के एक सरकारी स्कूल में अचानक पहुंचे डीएम ने टीचर को स्कूल में कैंडी क्रश गेम खेलते पकड़ लिया। अचानक निरीक्षण पर पहुंचे डीएम ने टीचर की मोबाइल हिस्ट्री चेक कराई तो हैरान रह गए। जांच में सामने आया कि, मास्टर साहब करीब 3 घंटे से मोबाइल में ही व्यस्त थे। 5.30 घंटे के स्कूल टाइम में उन्होंने करीब डेढ़ घंटे कैंडी क्रश खेला। इसके अलावा सोशल मीडिया का भी यूज किया।
इतना ही नहीं जब डीएम ने टीचर द्वारा चेक की गई कॉपियों को दोबारा देखा तो छह पेज में 95 गलतियां भी सामने आईं। मोबाइल में कैंडी क्रश गेम खेलने वाले टीचर को डीएम के निर्देश के बाद सस्पेंड कर दिया गया।
कितनी देर क्या चलाया
ऐप | चलाने का टाइम |
कैंडी क्रश खेला | 1.17 घंटे |
फोन पर बात | 26 मिनट |
फेसबुक | 17 मिनट |
गूगल क्रोम | 11 मिनट |
एक्शन डैश | 6 मिनट |
यूट्यूब | 6 मिनट |
दीक्षा ऐप | 6 मिनट |
इंस्टाग्राम | 5 मिनट |
रीड अलांग ऐप | 3 मिनट |
औचक निरीक्षण पर पहुंचे डीएम
पूरा मामला संभल के शरीफपुर ग्राम पंचायत के सरकारी स्कूल का है। स्कूल में 5 सहायक टीचर हैं और 2 महिला शिक्षामित्र भी हैं। बुधवार (10 जुलाई) को डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया औचक निरीक्षण पर स्कूल पहुंच गए थे। यह देखकर अध्यापकों में अफरा-तफरी मच गई। डीएम ने टीचरों का शिक्षण कार्य देखा और बच्चों के पढ़ाने के तरीके पूछे। रसोई से लेकर क्लास रूम तक का निरीक्षण किया। प्रिंसिपल के रजिस्टर को चेक किया और बच्चों से बातचीत भी की।
एक पेज में मिलीं 30 गलतियां
इसके साथ ही उन्होंने शिक्षकों द्वारा जांची हुई कॉपियां चेक कीं। डीएम ने क्लास के 6 छात्रों की कॉपियों के 6 पेज चेक किए, जिसमें 95 गलतियां देखने के लिए मिलीं। एक छात्र की चेक की हुई कॉपी में एक पेज में 30 गलतियां मिलीं। इसको लेकर उन्होंने टीचरों को फटकार भी लगाई।
3 घंटे से मोबाइल ही चला रहे थे टीचर
जानकारी के मुताबिक, डीएम ने जब सहायक टीचर प्रियम गोयल से डिजिटल अटेंडेंस दिखाने के लिए कहा, तो वह आनाकानी करने लगे। यह देखकर डीएम ने उनका मोबाइल लिया और देखा कि, सहायक टीचर कैंडी क्रश सागा गेम खेल रहे थे। इसके बाद उनके फोन की हिस्ट्री चेक करवाई गई तो टीचर 3 घंटे से मोबाइल ही चला रहे थे।
डीएम ने इसकी जानकारी BSA अलका शर्मा को दी। इसके बाद टीचर को सस्पेंड कर दिया गया। वहीं डीएम ने बताया कि, 2 महिला टीचरों का काम बेहतर मिला। वो बच्चों को अच्छे तरीके से पढ़ा रही थीं।