तेज आंधी में टला बड़ा हादसा : वंदे भारत एक्सप्रेस से टकराए निर्माणाधीन ब्रिज के सरिए, इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकी ट्रेन, सभी यात्री सुरक्षित

भोपाल/नर्मदापुरम। तेज आंधी और बारिश के कारण बुधवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। भोपाल से रीवा जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस औबेदुल्लागंज स्टेशन के पास निर्माणाधीन ब्रिज के सरियों से टकरा गई। यह घटना दोपहर लगभग 3:45 बजे की है, जब तेज रफ्तार से दौड़ रही ट्रेन के कोच अचानक ब्रिज निर्माण में लगे लोहे के सरियों से रगड़ने लगे। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए लोको पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
कैसे हुआ हादसा ?
बताया जा रहा है कि औबेदुल्लागंज स्टेशन के पास रेलवे की 'गति शक्ति परियोजना' के तहत एक पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। अचानक आई तेज आंधी के कारण निर्माणाधीन पुल पर लगे सरिए तिरछे होकर रेल ट्रैक की ओर झुक गए। उसी समय भोपाल से रीवा जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस वहां से गुजरी और ट्रेन के कोच C-3 से लेकर C-7 तक उन सरियों से रगड़ते हुए निकल गए।





















