ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

उमा भारती ने डिंडौरी जिले का नाम बदलने CM शिवराज को लिखा पत्र, अवंतीबाई लोक बनाने सहित 22 सूत्रीय मांगें रखी

भोपाल। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने सीएम शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर डिंडौरी जिले का नाम बदलने की मांग की है। साथ ही 22 सूत्रीय मांग पत्र भी भेजा है, जो कि उन्हें लोधी क्षत्रिय समाज के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष की ओर से मिला।

जिला संग्रहालय में रखी अवंतीबाई की कटार

उमा भारती ने अपने पत्र में लिखा, डिंडौरी जिले के शाहपुर में रानी अवंती बाई का बलिदान दिवस पर उनकी बलिदान स्थली पर जब में पिछले 22 मार्च को गई थी। तब मुझे जानकारी मिली कि रानी ने अपने सम्मान की रक्षा के लिए अंग्रेजों के सामने समर्पण करने की जगह अपने सीने में कटार घोंप ली थी। वह कटार आज भी जिला संग्रहालय में मौजूद है। आप (शिवराज सिंह चौहान) की सहमति से ही मैंने उनके बलिदान स्मारक के पास उस समय की स्मृतियों को संजोकर रखने के लिए पारदर्शी संग्रहालय बनाने की घोषणा कर दी थी।

उमा भारती ने सीएम शिवराज को लिखा पत्र।

लोधी समाज कल्याण बोर्ड का गठन करने की मांग

उमा भारती ने आगे लिखा, मुझे लोधी क्षत्रिय समाज के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वर्तमान कार्यकारिणी राष्ट्रीय अध्यक्ष कोक सिंह नरवरिया की ओर से आवेदन मिला है, जिसमें उन्होंने वहां पर रानी अवंतीबाई लोक, मध्य प्रदेश में समाज कल्याण बोर्ड का गठन करने के साथ ही भोपाल में सामाजिक विकास के लिए एक भवन बनाने सहित अन्य विषयों पर काम करने का अनुरोध किया है।

अवंतीबाई लोक बनाने सहित 22 मांगों का पत्र भी सीएम को भेजा।

इन 22 मांगों का पत्र भेजा है

  1. लोधी लोधा राजपूत समाज के बोर्ड का गठन बीरांगना रानी अवंतीबाई के नाम से किया जाए।
  2. डिंडौरी जिला का नाम बदलकर रानी अवंतीबाई पुरम रखा जाए।
  3. 20 मार्च को बीरांगना रानी अवंतीबाई के बलिदान दिवस पर शासकीय अवकाश घोषित किया जाए।
  4. बीरांगना रानी अवंतीबाई जन्मस्थली मंकेडी (बरगी बांध मूर्ति से सटी हुई 10 एकड़ जमीन पर पार्क निर्माण किया जाए।
  5. अखिल भारतीय लोधी- लोधा क्षत्रिय समाज के लिए भोपाल के छात्रावास की भूमि कोटरा सुल्तानाबाद भूमि खसरा क्र. 108 रकबा 4000 वर्ग फीट के आपकी घोषणानुसार क. ए 1482 के अनुसार आबंटित करने का आदेश जारी करें।
  6. बीरांगना रानी अवंतीबाई के शहीद स्थल के पास देवी का मंदिर एवं तालाब का जीर्णोद्धार और बलिदान स्थल की फेसिंग प्रवेश द्वार पर गेट और सभा स्थल की सीढ़ी बनाई जाए। आपने 7 जनवरी 2018 को शहीद स्थल पर घोषणा की थी।
  7. शहीद स्थल पर 20 मार्च को बलिदान दिवस शासकीय स्तर पर मनाने के लिए संस्कृति विभाग से 3 लाख की मदद देने की घोषणा की थी वो केवल इसी साल मिले। इस राशि को बढ़ाकर 4 लाख रुपए किए जाए।
  8. रायसेन के स्टेडियम का नाम बीरांगना रानी अवंतीबाई स्टेडियम नाम रखा जाए।
  9. बड़ा मलहरा जिला छतरपुर में बन रहे हॉस्पिटल का नाम रानी अवंतीबाई के नाम पर रखा जाए।
  10. लाखनादौन जिला सिवनी में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का नाम बीरांगना रानी अवंतीबाई के नाम पर रखा जाए।
  11. बीरांगना रानी अवंतीबाई के नाम से जो वीरता पुरूस्कार दिया जाता था वह बंद कर दिया गया है उसे महिला बाल विकास विभाग से फिर चालू कराया जाए।
  12. कारगिल युद्ध में शहीद सुलतानसिंह नरवरिया की प्रतिमा भिंड शहर में लगाई जाए। और सतना में कारगिल शहीद छोटे लाल सिंह लोधी की प्रतिमा लगाई जाए।
  13. लोधी लोधा समाज के विधायकों में से किसी भी विधायक को मंत्री मंडल में शामिल किया जाए एवं निगम मण्डल और शासकीय संस्थाओ में नियुक्त किया जाए।
  14. लोधी लोधा समाज से मप्र में प्रदेश में संगठन में कोई पदाधिकारी नहीं है उसमे अधिक से अधिक पदाधिकारी बनाये जाए।
  15. साल 2023 के आने वाले विधान सभा चुनाव में समाज के अधिक से अधिक टिकट दिए जाएं। पिछली बार केवल 7 टिकट दिए थे जो मप्र की जनसंख्या से बहुत कम थे।
  16. बीरांगना रानी अवंतीबाई के शहीद स्थल जिला डिंडोरी, (बालपुर, शाहपुर) को पर्यटन स्थल घोषित किया जाए।
  17. बीरांगना रानी अवंतीबाई का इतिहास पाठ्य पुस्तक में शामिल किया जाए।
  18. भिण्ड जिले में मेहगांव मंडी का नाम बीरांगना रानी अवंतिबाई गल्ला मंडी रखा जावे।
  19. मप्र में किसी भी मेडिकल कॉलेज का नाम बीरांगना रानी अवंतीबाई कॉलेज के नाम पर रखा जावे।
  20. अशोकनगर जिले के चंदेरी, मुंगावली में आपकी घोषणानुसार बीरांगना रानी अवंतीबाई की मूर्ति लगाई जाए। गुना, शिवपुरी, राजगढ़ में भी बीरांगना रानी अवंतीबाई की मूर्ति लगाई जाए।
  21. राजा किशोर सिंह हिडोरिया जिन्होंने अंग्रेजो के खिलाफ देश की आजादी में अपने प्राण न्योछावर किये उनके नाम से बुंदेलखंड में किसी बड़े संसधान का नाम उसके नाम पर रखा जावे।
  22. राजा किशोर सिंह की प्रतिमा दमोह कलेक्टर कार्यालय के प्रांगण में लगाई जाए।

ये भी पढ़ें: पूर्व CM उमा भारती की तबीयत बिगड़ी, इलाज के लिए अस्पताल में कराया भर्ती; ट्वीट कर लिखा- प्लीज भूलना मत

मध्य प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button