
जबलपुर। बरगी से कांग्रेस विधायक संजय यादव के बेटे ने लाइसेंसी पिस्टल से खुदको गोली मार ली। जिसके बाद आनन-फानन में उसे भंडारी अस्पताल में भर्ती किया गया्, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई है। वहीं भंडारी अस्पताल में विधायक तरुण भनोत, विनय सक्सेना, विवेक तन्खा समेत सैंकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे। घटना की जानकारी लगते ही विधायक संजय यादव महाराजपुर से भंडारी हॉस्पिटल पहुंचे। भीड़ को संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
लाइसेंसी पिस्टल से मारी गोली
घटना की जानकारी देते हुए जबलपुर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने कहा कि घटना की जानकारी शाम 4 बजे मिली। 17 वर्षीय विभु यादव ने घर पर रखी पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुदको गोली मारी। वहीं घटनास्थल से पुलिस को 4 पन्नों सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है, इसलिए उसे जांच में लिया गया है।
https://www.facebook.com/watch/?v=925351984739008&ref=sharing
सुसाइड नोट में लिखी ये बातें
सूत्रों के मुताबिक सुसाइड नोट में विभु ने अपने दोस्त का जिक्र किया है। उसने पहले लिखा कि उसके मम्मी-पापा बहुत अच्छे हैं। वहीं उसका दोस्त ऊपर चला गया है, इसलिए वह भी अब उसके पास जा रहा है। हालांकि, जबलपुर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सुसाइट नोट को जांच में लिया गया है, तथ्यों की जांच के बाद ही आत्महत्या का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
पुलिस ने ब्लॉक किया रास्ता
बता दें कि घटना के बाद विभु को भंडारी अस्पताल लाया गया था। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भंडारी अस्पताल आने वाले रास्ते को ब्लॉक कर दिया। आईजी उमेश जोगा भी अस्पताल पहुंचे थे।
हमें 4 बजे के करीब घटना की सूचना मिली थी कि विधायक संजय यादव के बेटे ने खुद को गोली मार ली। जिन्हें इलाज के लिए भंडारी अस्पताल में भर्ती किया था। इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। मामला आत्महत्या का लग रहा है। सुसाइड नोट में कारण स्पष्ट सामने नहीं आया है।
-सिद्धार्थ बहुगुणा, एसपी, जबलपुर