इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

रंगपंचमी पर उज्जैन में निकली महाकाल की गेर, कलेक्टर-एसपी ने किया ध्वज पूजन, मंत्री मोहन यादव ने शस्त्रों से दिखाई कलाबाजी

उज्जैन। रंगपंचमी के मौके पर रविवार शाम भगवान महाकाल की गेर निकाली गई। महाकाल मंदिर की गेर निकलने से पहले मंडप में कलेक्टर और एसपी ने ध्वज पूजन किया। पुजारियों के मंत्रोच्चार के साथ ध्वज का विधि-विधान पूर्वक पूजन कराया। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव और मंदिर के पुजारियों ने शस्त्रों का प्रदर्शन कर कलाबाजी भी दिखाई। महाराष्ट्र से आए कलाकारों ने गेर में वाद्य यंत्रों की प्रस्तुति दी। इसके अलावा इंदौर और मप्र के अन्य जिलों से आए बैंड ने भी संगीत की बेहतरीन प्रस्तुति दी।

आगे रहता है राज्यपाल का ध्वज

परंपरा के अनुसार हर साल रंगपंचमी पर्व पर भगवान महाकाल की गेर निकाली जाती है। रविवार शाम को यह गेर महाकाल मंदिर से शुरू हुई। इस गेर से पहले सभा मंडप में कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम और एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ल ने ध्वज पूजन किया। यहां मंदिर के पुजारियों ने मंत्र उच्चारण किए। बता दें कि महाकाल मंदिर की गेर में सिंधिया राजघराने के ध्वज के साथ ही प्रदेश के राज्यपाल द्वारा भेजा गया ध्वज सबसे आगे रहता है। इसके पीछे वे ध्वज चलते हैं, जो भक्त अपनी मन्नत पूरी होने पर लेकर आते हैं। रविवार को गेर में विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में पंडित-पुजारी और जनप्रतिनिधियों ने परंपरा अनुसार सत्र प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि महाकाल मंदिर के सभा मंडप में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ ही मंदिर के पुजारी शस्त्र प्रदर्शन कर कलाबाजी दिखाते नजर आए।

उज्जैन सहित आसपास के जिलों से आए बैंड

महाकाल की गेर का स्वरूप बड़ा भव्य होता है। इसमें उज्जैन सहित आसपास के जिलों के बैंड शामिल होते हैं। इसके साथ ही महाराष्ट्र से भी कलाकार बुलाए जाते हैं। रविवार शाम महाराष्ट्र से आए कलाकारों ने गेर में शामिल होकर वाद्य यंत्रों की आकर्षक प्रस्तुति दी। इसके साथ ही उज्जैन सहित आसपास के जिलों के बैंड ने संगीत से समा बांधा।

यह भी पढ़ें इंदौर : रंगपंचमी पर उपद्रवी ने किया पत्थर से हमला, CCTV और ड्रोन की मदद से पुलिस ने पकड़ा

संबंधित खबरें...

Back to top button