सीतापुर सांसद राकेश राठौर 49 दिन बाद जेल से रिहा : परिवार से मिलकर हुए भावुक, महिला नेता ने यौन शोषण का लगाया था आरोपी

सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर को 49 दिनों बाद जेल से रिहाई मिल गई है। उन्हें महिला नेता से यौन शोषण के आरोप में सीतापुर जेल में बंद किया गया था। 20 मार्च को उन्हें जमानत मिलने के बाद सुबह 8 बजे वे जेल से बाहर आए। जेल से बाहर आते ही वह अपनी पत्नी और परिवारवालों से मिले, इस दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। राकेश राठौर ने अपनी रिहाई पर विश्वास जताते हुए कहा कि, सच्चाई जल्द सामने आएगी। मुझे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।
क्या था पूरा मामला?
15 जनवरी को महिला नेता ने राकेश राठौर पर यौन शोषण और बलात्कार का आरोप लगाया था। महिला का कहना था कि, सांसद ने राजनीतिक करियर बनाने और शादी का झांसा देकर चार साल तक शारीरिक शोषण किया। जब महिला ने शादी की बात की तो सांसद ने उसे जान से मारने की धमकी दी। 17 जनवरी को पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण करवाया और सांसद के खिलाफ रेप सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया।गिरफ्तारी और जमानत में देरी
30 जनवरी को राकेश राठौर गिरफ्तारी से पहले अंडरग्राउंड हो गए थे, लेकिन जब वह मीडिया से बात करने आए तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्हें कोर्ट में पेश किया गया और 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। 11 मार्च को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उन्हें जमानत दी, लेकिन बाद में पुलिस ने वॉयस सैंपल रिपोर्ट के आधार पर आरोप बढ़ाए, जिससे रिहाई में और देरी हो गई।




















