ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

श्रीराम तिवारी को वीर भारत न्यास का न्यासी सचिव किया नियुक्त, संस्कृति विभाग ने जारी किया आदेश

भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लेते हुए श्रीराम तिवारी, मुख्यमंत्री संस्कृति सलाहकार एवं वर्तमान में संस्कृति विभाग में पदस्थ अधिकारी को वीर भारत न्यास भोपाल का न्यासी सचिव नियुक्त किया है। यह जिम्मेदारी उन्हें पूर्णकालिक अतिरिक्त प्रभार के रूप में सौंपी गई है। इसका आदेश 13 मई 2025 को जारी किया गया है।

नई जिम्मेदारी के लिए नहीं मिलेगा अतिरिक्त लाभ

आदेश के अनुसार, तिवारी महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक पद के साथ-साथ अब वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव का कार्य भी अतिरिक्त रूप से संभालेंगे। शासन ने यह स्पष्ट किया है कि इस नई जिम्मेदारी के लिए तिवारी को किसी प्रकार का अतिरिक्त वेतन, मानदेय या अन्य आर्थिक लाभ प्रदान नहीं किया जाएगा।

 

तिवारी वर्तमान में मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग में वेतनभोगी पद पर कार्यरत हैं और उनके इस नवीन दायित्व को मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव की अनुशंसा के आधार पर स्वीकृति दी गई है। यह कार्यभार तत्काल प्रभाव से लागू माना गया है। यह आदेश संस्कृति विभाग के उप सचिव जनार्दन कुमार गोंग द्वारा हस्ताक्षरित है और इसे मुख्यमंत्री कार्यालय सहित अन्य सभी संबद्ध विभागों को सूचनार्थ एवं कार्यवाही हेतु प्रेषित किया गया है।

बहुआयामी रचनात्मकता और प्रशासनिक अनुभव का समन्वय

श्रीराम तिवारी न केवल प्रशासनिक अनुभव से समृद्ध हैं, बल्कि वे एक साहित्य, भारतीय प्राच्यविद्या, कला, सिनेमा और स्वराज के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विद्वान भी हैं। उन्होंने इन विषयों पर आधारित 100 से अधिक पुस्तकों का संपादन और प्रकाशन किया है। तिवारी कलाकारों और युवा प्रतिभाओं के प्रेरणास्रोत के रूप में भी पहचाने जाते हैं।

तिवारी ने छत्तीसगढ़ सरकार में संस्कृति, पुरातत्व और पर्यटन सलाहकार के रूप में भी सेवा दी है। उन्होंने भारतीय कालगणना की प्राचीनतम पद्धति पर आधारित ‘विक्रमादित्य वैदिक घड़ी’ की स्थापना में भी अहम भूमिका निभाई।

संबंधित खबरें...

Back to top button