राष्ट्रीयव्यापार जगत

आज से प्राइवेट हो जाएगी Air India, 69 साल बाद Tata Group में हो रही घर वापसी; दिखेंगे ये नए बदलाव

एअर इंडिया 69 साल बाद आज घर वापसी को तैयार है। सरकारी कंपनी एअर इंडिया आज से प्राइवेट हो जाएगी। एअर इंडिया की कमान पूरी तरह से टाटा समूह को सौंपने की तैयारी पुरी हो चुकी है। इसके बाद टाटा देश की दूसरी बड़ी एयरलाइन बन जाएगी। एअर इंडिया के हैंडओवर से पहले टाटा संस के चेयरमैन PM मोदी से मिलेंगे।

‘उन्नत भोजन सेवा’

एअर इंडिया के पास घरेलू और अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर कई महत्वपूर्ण उड़ानें हैं। टाटा समूह ने यात्रियों की सुविधा को लेकर एअर इंडिया में अपने पहले कदम का आगाज कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक टाटा गुरुवार को मुंबई से संचालित होने वाली चार उड़ानों में ‘उन्नत भोजन सेवा’ शुरू करके एअर इंडिया में अपना पहला कदम उठाएगी।

इन चार उड़ानों में ‘उन्नत भोजन सेवा’

टाटा ग्रुप ने कहा है कि शुरू में वह 5 फ्लाइट्स में फ्री में खाना उपलब्ध कराएगी। हालांकि एअर इंडिया की फ्लाइटें टाटा समूह के बैनर तले उड़ान नहीं भरेंगी। जिन फ्लाइट्स में फ्री खाना मिलेगा, उसमें मुंबई-दिल्ली की दो फ्लाइट्स AI864 और AI687, AI945 मुंबई से अबूधाबी और AI639 मुंबई से बंगलुरू शामिल हैं। इसके अलावा मुंबई-न्यूयॉर्क के रूट पर चलने वाली फ्लाइट में भी फ्री खाना मिलेगा।
अधिग्रहण की पूरी प्रक्रिया गुरुवार के बाद संपन्न हो पाएगी। नई सेवाओं के संबंध में टाटा समूह की ओर से केबिन क्रू के सदस्यों को एक मेल भी भेजा गया है।

ये भी पढ़ें- रिलायंस इंडस्ट्रीज की बड़ी डील: न्यूयॉर्क के लग्जरी होटल मैंडारिन ओरिएंटल को 729 करोड़ रुपए में खरीदा

साढ़े तीन महीने पहले हुई थी नीलामी

पिछले साल एअर इंडिया की हुई नीलामी में टाटा समूह और स्पाइसजेट के चेयरमैन अजय सिंह ने बोलियां पेश की थीं। अक्टूबर 2021 में टाटा ग्रुप की टैलेस प्राइवेट लिमिटेड ने एअर इंडिया को खरीदने का टेंडर जीता था। इसके लिए 18 हजार करोड़ रुपए की बोली लगाई गई थी। एअर इंडिया एक्सप्रेस के साथ सैट्स में भी टाटा ग्रुप की 50% हिस्सेदारी है। एअर इंडिया सैट्स ग्राउंड हैंडलिंग का काम करती है।
सफल नीलामी के बाद सरकार ने इस डील के शेयर पर्चेज एग्रीमेंट पर 25 अक्टूबर को साइन कर दिया था।

टाटा समूह में तीसरा एयरलाइन ब्रांड

टाटा समूह के पास पहले से ही 2 एअरलाइन कंपनी विस्तार (Vistara) और एअर एशिया (Air Asia India) है। अब टाटा के पास एअर इंडिया भी आ गई है। इसे टाटा समूह की सब्सिडियरी टैलेस प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा जाएगा।

90 साल पुराना है सफर

एअर इंडिया की शुरुआत अप्रैल 1932 में उद्योगपति JRD टाटा ने की थी। उस वक्त नाम टाटा एयरलाइंस हुआ करता था। एयरलाइन की पहली कॉमर्शियल उड़ान 15 अक्टूबर 1932 को भरी गई थी। तब सिर्फ सिंगल इंजन वाला ‘हैवीलैंड पस मोथ’ हवाई जहाज था, जो अहमदाबाद-कराची के रास्ते मुंबई गया था। प्लेन में उस वक्त एक भी यात्री नहीं था बल्कि 25 किलो चिट्ठिरयां थीं।
साल 1933 में टाटा एयरलाइंस ने यात्रियों को लेकर पहली उड़ान भरी। टाटा ने दो लाख रुपए की लागत से कंपनी स्थापित की थी।

ये भी पढ़ें- जियो ने समय से पहले चुकाए स्पेक्ट्रम के 30,791 करोड़ रुपए, कंपनी को हुई 1200 करोड़ की बचत

कब हुआ नाम एअर इंडिया

दूसरे विश्व युद्ध के बाद इंडिया से सामान्य फ्लाइट्स शुरू की गईं और तब 1946 में इसका नाम एअर इंडिया रखा गया। आजादी के कुछ साल बाद 1953 में तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की सरकार ने एअर इंडिया का राष्ट्रीयकरण कर दिया। तब से एअर इंडिया का कंट्रोल सरकार के हाथों में ही रहा। हालांकि जेआरडी टाटा 1977 तक एअर इंडिया के चेयरमैन बने रहे। तत्कालीन प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के साथ हुए विवाद के बाद जेआरडी टाटा एअर इंडिया से अलग हो गए।

2007 में इंडियन एअरलाइंस को मिलाया गया

1954 में जब इसका राष्ट्रीयकरण हुआ, उसके बाद सरकार ने दो कंपनियां बनाईं। इंडियन एअरलाइंस घरेलू सेवा के लिए और एअर इंडिया विदेशी रूट के लिए तय की गई। साल 2000 तक यह कंपनी मुनाफे में रही। लेकिन उसके बाद घाटा होने लगा। साल 2007 में एअर इंडिया को इंडियन एअरलाइंस के साथ मिला दिया गया। इसके बाद से लगातार घाटा बढ़ता गया और कंपनी कर्ज पर कर्ज लेती गई। सरकार के लिए एअर इंडिया चलाना काफी मुश्किल साबित हो रहा था।

एअर इंडिया की खासियत

एअर इंडिया की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह अभी भी फाइव स्टार होटल ताज से ही खाना मंगाती है। अब जबकि सभी विमानन कंपनियां केवल पानी फ्री में देती हैं, एअर इंडिया अभी भी खाना और नाश्ता फ्री में देती है।

Air India के लिए टाटा ग्रुप का प्लान

घाटे में चल रही एयर इंडिया को फिर पटरी पर लाने के लिए टाटा ग्रुप ने कई फ्यूचर प्लान तैयार किए हैं। इनमें से एक है ऑनटाइम परफॉरमेंस। विमानों की समय पर उड़ान पर पूरा फोकस किया जाएगा। विमान के दरवाजे फ्लाइट टाइम से 10 मिनट पहले बंद हो जाएंगे। इसके अलावा यात्रियों को दी जाने वाली सर्विस में भी इजाफा किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- Rahul Gandhi के आरोपों पर Twitter का जवाब- हम किसी के फॉलोअर्स की संख्या नहीं घटाते, नीतियों का उल्लंघन करने पर हर हफ्ते हटाए जाते हैं लाखों ट्विटर अकाउंट्स

संबंधित खबरें...