
मध्य प्रदेश में दीवाली से पहले आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। अमूल और मदर डेयरी के बाद अब MP की पॉपुलर सांची डेयरी ने भी दूध के दामों में वृद्धि कर दी है। बढ़ी हुई नई कीमतें 20 अक्टूबर यानी आज से लागू हो गईं हैं।
यें हैं नए रेट
एक लीटर सांची गोल्ड दूध की कीमत में 2 रुपए का इजाफा हुआ है। इसी तरह 500 एमएल डायमंड दूध और 500 एमएल फुल क्रीम दूध (गोल्ड) के लिए एक रुपए अधिक देना होगा। डायमंड दूध और फुल क्रीम दूध के अलावा बाकी वैरिएंट के दूध की कीमत में बदलाव नहीं किया गया है।
दूध का नाम | पैक साइज | पूरानी दरें | नई दरें |
डायमंड दूध | 500 एमएल | 31 रुपए | 32 रुपए |
फुल क्रीम दूध (गोल्ड) | 500 एमएल | 30 रुपए | 31 रुपए |
फुल क्रीम दूध (गोल्ड) | 1 लीटर | 59 रुपए | 61 रुपए |
अमूल और मदर डेयरी के भी बढ़े दाम
इससे पहले ही अमूल और मदर डेयरी ने दो रुपए प्रति लीटर तक दाम बढ़ाए थे। 15 अक्टूबर को अमूल ने गुजरात को छोड़कर देशभर में अपने फुल-क्रीम दूध की कीमत में 2 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की। अमूल के बाद मदर डेयरी ने 16 अक्टूबर से फुल क्रीम और गाय के दूध की कीमत प्रति लीटर 2 रुपए बढ़ा दिए थे। वहीं अब सांची ने भी कीमतें बढ़ा दीं।
आदेश के बाद बढ़े दाम
भोपाल सहकारी दुग्ध संघ के CEO आरपीएस तिवारी द्वारा कुछ दिन पहले ही दूध के दामों में वृद्धि के लिए मंजूरी दी गई थी। इस संबंध में बुधवार को आदेश भी जारी किया गया था, जिसके बाद दूध की नई कीमत तय की गईं।