VIDEO : ठेले पर तड़पती रही गर्भवती… रास्ते में हुई डिलीवरी, नवजात की मौत; अस्पताल स्टाफ ने दो बार लौटाया था

रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के सैलाना कस्बे में एक मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। अस्पताल प्रशासन की लापरवाही की वजह से गर्भवती महिला ने ठेले पर बच्चे को जन्म दिया और नवजात की मौत हो गई। इससे पहले गर्भवती महिला को अस्पताल द्वारा दो बार लौटा दिया गया था। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें महिला का पति ठेले पर पत्नी को अस्पताल ले जाता दिख रहा है।
दो बार लौटाया, तीसरी बार ठेले पर जाना पड़ा
जानकारी के मुताबिक, 23 मार्च को कालिका माता मंदिर रोड निवासी कृष्णा ग्वाला अपनी गर्भवती पत्नी नीतू को सुबह 9 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना लेकर पहुंचा। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद नर्स चेतना चारेल ने कहा कि, अभी डिलीवरी में समय है और उन्हें घर भेज दिया गया। रात 1 बजे जब नीतू को फिर से तेज प्रसव पीड़ा हुई, तो कृष्णा उसे दोबारा अस्पताल लेकर गया। इस बार ड्यूटी पर नर्स गायत्री पाटीदार थी। जांच के बाद नर्स ने कहा कि, अभी 15 घंटे और लगेंगे और उसे भर्ती करने से मना कर दिया गया। मजबूरी में कृष्णा पत्नी को फिर से घर ले आया।रास्ते में हुई डिलीवरी, नवजात की मौत
घर लौटने के करीब एक घंटे बाद नीतू को असहनीय दर्द होने लगा। कृष्णा के पास कोई साधन नहीं था, इसलिए उसने ठेले पर पत्नी को लिटाया और अस्पताल की ओर दौड़ पड़ा। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रात 3 बजे रास्ते में ही नीतू ने बच्चे को जन्म दे दिया। जब वे अस्पताल पहुंचे, तब बच्चे के पैर बाहर थे और सिर अंदर। अस्पताल में मौजूद नर्स ने किसी तरह डिलीवरी करवाई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। नवजात की मौत हो चुकी थी।




















