धर्मशाला में फंसी थीं प्रीति जिंटा, मैच कैंसिल होने के बाद सुरक्षित पहुंचीं घर, खिलाड़ी व अधिकारी को वंदे भारत ट्रेन से निकाला गया

नई दिल्ली/मुंबई। भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पाकिस्तान की ओर से की गई मिसाइल और ड्रोन हमलों का असर देश के खेल आयोजनों पर भी देखने को मिला। 8 मई को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में चल रहे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबले को सुरक्षा कारणों के चलते बीच में ही रोकना पड़ा और बाद में रद्द कर दिया गया। मैच के दौरान बॉलीवुड अभिनेत्री और पंजाब किंग्स की मालकिन प्रीति जिंटा भी स्टेडियम में मौजूद थीं। इस अप्रत्याशित स्थिति के बाद, दर्शकों और खिलाड़ियों को तत्परता से स्टेडियम से बाहर निकाला गया।
विशेष वंदे भारत ट्रेन धर्मशाला से दिल्ली के लिए चलाई
मैच रद्द होने के बाद पूरे स्टेडियम में सुरक्षा को देखते हुए फौरन खाली कराया गया। इस दौरान खुद प्रीति जिंटा भी दर्शकों से शांतिपूर्वक बाहर निकलने की अपील करती नजर आईं। बाद में बीसीसीआई (BCCI) और इंडियन रेलवे के संयुक्त प्रयास से एक विशेष वंदे भारत ट्रेन धर्मशाला से दिल्ली के लिए चलाई गई, जिसमें खिलाड़ियों, मैच अधिकारियों, उनके परिवारों और स्टाफ को सुरक्षित निकाला गया।





















