महाकुंभ बसाने वाले लल्लूजी के गोदाम में लगी भीषण आग, 3 किमी दूर से दिखीं लपटें और धुएं का गुबार

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शनिवार सुबह एक बड़ी घटना हो गई। यहां महाकुंभ 2025 के लिए टेंट सिटी बसाने वाली प्रसिद्ध कंपनी लल्लूजी एंड संस के गोदाम में अचानक आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भीषण थी कि उसकी लपटें 3 किलोमीटर दूर से साफ नजर आ रही थीं।
शास्त्री ब्रिज के पास गोदाम में लगी आग
यह घटना प्रयागराज के शास्त्री ब्रिज के बीचोंबीच स्थित काली सड़क पर बने लल्लूजी के गोदाम में सुबह लगभग 6:30 बजे घटी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के कुछ ही मिनटों में लपटों ने विकराल रूप ले लिया। गोदाम में रखा लाखों का सामान जैसे- बांस-बल्लियां, टेंट के पर्दे, रजाई-गद्दे, कुर्सी-मेज और प्लाईवुड जलने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रयागराज डीएम और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के दो किलोमीटर क्षेत्र को सील कर दिया है।सिलेंडर फटने से आग लगने की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि, गोदाम में काम करने वाले मजदूर सुबह छोटे गैस सिलेंडर पर खाना बना रहे थे, तभी सिलेंडर फट गया। आग तेजी से चारों ओर फैलने लगी और देखते ही देखते गोदाम के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में सो रहे कर्मचारी भागकर बाहर निकले और आग बुझाने की कोशिश करने लगे, लेकिन हालात काबू से बाहर हो चुके थे। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की करीब 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। सेना और आसपास के जिलों से भी फायर टेंडर बुलाए गए हैं। आग इतनी भीषण थी कि फायर ब्रिगेड को सुरक्षा के लिए ढाल का उपयोग करना पड़ा। कई दमकल कर्मी झुलस गए हैं और उनके शरीर पर छाले पड़ गए हैं।




















