
जगरेब (क्रोएशिया)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की विदेश यात्रा के अंतिम चरण में बुधवार को क्रोएशिया की राजधानी जगरेब पहुंचे। यह यात्रा इसलिए ऐतिहासिक बन गई, क्योंकि यह किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की क्रोएशिया की पहली आधिकारिक यात्रा है। प्रधानमंत्री मोदी का जगरेब हवाई अड्डे पर क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविक ने स्वयं विशेष सम्मान के साथ स्वागत किया।
भू-राजनीतिक क्षण में हो रही है यात्रा : पीएम प्लेंकोविक
प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा- हमने भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जगरेब में गर्मजोशी से स्वागत किया! यह भारत के किसी प्रधानमंत्री की पहली यात्रा है, जो एक महत्वपूर्ण भू-राजनीतिक क्षण में हो रही है। हम इस अवसर पर दोनों देशों के बीच सहयोग के नए द्वार खोल रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि भारत और क्रोएशिया अपने द्विपक्षीय संबंधों में नए अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं और व्यापार, तकनीक, शिक्षा व संस्कृति जैसे क्षेत्रों में सहयोग को सशक्त करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
भारत-क्रोएशिया संबंधों में ऐतिहासिक मील का पत्थर
जगरेब में उतरने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भी ‘X’ पर लिखा- थोड़ी देर पहले क्रोएशिया के जगरेब में उतरा। यह एक विशेष यात्रा है, किसी भारतीय प्रधानमंत्री की किसी मूल्यवान यूरोपीय साझेदार की पहली यात्रा। मैं हवाई अड्डे पर विशेष स्वागत के लिए प्रधानमंत्री प्लेंकोविक का आभारी हूं।
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी इसे एक ‘ऐतिहासिक मील का पत्थर’ करार देते हुए कहा कि यह भारत-क्रोएशिया द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाएगा।
भारतीय समुदाय ने किया स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी जब होटल पहुंचे, तो भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। ‘वंदे मातरम’, ‘भारत माता की जय’ जैसे नारों से माहौल देशभक्ति से भर गया। पारंपरिक भारतीय परिधानों में सांस्कृतिक नृत्य और मंत्रोच्चार भी किया गया, जिसने समारोह को और भी भावुक और गौरवपूर्ण बना दिया।
तीन देशों की यात्रा का अंतिम पड़ाव
प्रधानमंत्री मोदी ने इस विदेश यात्रा की शुरुआत साइप्रस से की थी, इसके बाद वह कनाडा पहुंचे जहां उन्होंने G-7 शिखर सम्मेलन में भाग लिया और विश्व नेताओं से संवाद किया। कनाडा से वे सीधे क्रोएशिया पहुंचे जो इस यात्रा का अंतिम चरण है।
राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री से मुलाकात, होंगे अहम द्विपक्षीय समझौते
इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकात क्रोएशिया के राष्ट्रपति ज़ोरान मिलनोविक और प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविक से होगी। दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक, तकनीकी, आर्थिक और रक्षा सहयोग जैसे मुद्दों पर विस्तार से बातचीत होगी।
इस यात्रा से खुलेंगे द्विपक्षीय सहयोग के नए रास्ते
नई दिल्ली से रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था- हमारे दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंध हैं। यह यात्रा हमारे संबंधों को नई ऊर्जा देगी और पारस्परिक हित के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करेगी।
भारत-क्रोएशिया संबंध
- भारत और क्रोएशिया के बीच 1992 में राजनयिक संबंध स्थापित हुए थे।
- व्यापार, शिक्षा, विज्ञान, संस्कृति और रक्षा जैसे कई क्षेत्रों में पहले से सहयोग जारी है।
- इस यात्रा से दोनों देशों के बीच यूरोपीय संघ के स्तर पर भी सहयोग मजबूत होने की उम्मीद है।