
रियाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर सऊदी अरब पहुंच गए हैं। भारतीय समयानुसार उनका विमान आज दोपहर 3:20 बजे जेद्दाह एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। पीएम मोदी का यह उनके तीसरे कार्यकाल का पहला सऊदी दौरा है। सऊदी एयरस्पेस में प्रवेश करते ही सऊदी के लड़ाकू विमानों ने उनके विमान को सुरक्षा कवच प्रदान किया। जेद्दाह पहुंचने पर उन्हें 21 तोपों की सलामी दी गई।
क्राउन प्रिंस के न्योते पर हो रही यात्रा
यह यात्रा सऊदी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के न्योते पर हो रही है। पीएम मोदी आज को क्राउन प्रिंस से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच योग, मीडिया, मनोरंजन और खेल जैसे क्षेत्रों में सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर की संभावना है।
23 अप्रैल को भारतीय मजदूरों से मुलाकात करेंगे मोदी
पीएम मोदी 23 अप्रैल को सऊदी अरब की एक फैक्ट्री में कार्यरत भारतीय मजदूरों से मुलाकात करेंगे। गौरतलब है कि मिडिल ईस्ट में करीब 92 लाख भारतीय काम कर रहे हैं, जिनमें से लगभग 27 लाख अकेले सऊदी अरब में कार्यरत हैं।
किन मुद्दों होगी चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी और MBS के बीच इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष और रेड सी क्षेत्र में हौती विद्रोहियों द्वारा किए जा रहे जहाजों पर हमलों को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। भारत इन मुद्दों पर क्षेत्रीय शांति और स्थिरता का पक्षधर रहा है। विदेश मंत्रालय के अनुसार वर्तमान में 10,000 से अधिक भारतीय विदेशी जेलों में बंद हैं। इनमें सबसे अधिक 2,633 भारतीय सऊदी अरब की जेलों में हैं। भारत और सऊदी अरब के बीच रक्षा, ऊर्जा और रणनीतिक सहयोग लगातार बढ़ रहा है। सऊदी अरब भारत का तीसरा सबसे बड़ा कच्चा तेल और LPG आपूर्तिकर्ता है। 2023-24 में भारत ने सऊदी से 33.35 मिलियन मीट्रिक टन कच्चा तेल आयात किया और भारत के कुल LPG इंपोर्ट का 18.2% हिस्सा सऊदी से आया।
प्रधानमंत्री मोदी और प्रिंस सलमान के बीच मुंबई से शुरू होने वाले 6,000 किमी लंबे IMEEC (इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर) पर भी चर्चा होने की संभावना है। इसमें 3,500 किमी समुद्री मार्ग शामिल होगा। इसके जरिए भारत से यूरोप तक माल ढुलाई में 40% समय की बचत होगी। हालांकि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के चलते यह प्रोजेक्ट फिलहाल धीमा पड़ा है।
फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर चर्चा संभव
क्राउन प्रिंस की पिछली भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर बातचीत हुई थी। पीएम मोदी की इस यात्रा में इस मुद्दे को दोबारा प्रमुखता से उठाया जा सकता है। वर्ष 2023-24 में भारत ने सऊदी से करीब 1 लाख करोड़ रुपए मूल्य का माल आयात किया है।