राष्ट्रीय

तवांग में चीन से हिंसक झड़प पर भारत को मिला अमेरिका का साथ, जानें क्या कहा

तवांग। भारत और चीन के बीच में फिर तनाव चरम पर पहुंच गया है। अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में 9 दिसंबर को भारत और चीन के सैनिकों में झड़प हुई थी। जानकारी के मुताबकि, चीनी सैनिकों ने टेम्परेरी वॉल पर लगी तारबंदी को तोड़कर भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश की थी। भारतीय सैनिकों ने उस कोशिश को नाकाम करते हुए इन्हें खदेड़ दिया। वहीं अब इस पूरे विवाद पर अमेरिका ने पहली प्रतिक्रिया दी है।

अमेरिका ने भारत-चीन विवाद पर क्या बोला?

भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच ताजा संघर्ष के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के भारत के प्रयासों का अमेरिका ने समर्थन किया है। पेंटागन के प्रेस सचिव पैट राइडर ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि, इस बात की खुशी है कि दोनों ही सेनाएं समय रहते पीछे हट गईं। हम स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। भारत ने जिस तरह से स्थिति को नियंत्रित किया हम उसके प्रयासों का पूरा समर्थन करते हैं। हम अपने भागीदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता पर अडिग बने रहेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि, हम दोनों पक्षों (भारत और चीन) को विवादित सीमाओं पर चर्चा करने के लिए मौजूदा द्विपक्षीय माध्यमों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। अमेरिका ने एलएसी के पास चीन की ओर से सैन्यीकरण और सैन्य बुनियादी ढ़ाचे के निर्माण की आलोचना भी की है।

9 दिसंबर को क्या हुआ था

यह घटना तवांग जिले के यंगस्टे में हुई। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक 9 दिसंबर 2022 को यह घटना हुई थी। तवांग में चीन की पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी LAC (लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल) तक पहुंचने की कोशिश कर रही थी। चीनी सैनिकों को देख भारतीय सैनिकों (Indian Army) ने उन्हें रोका, जिस पर दोनों तरफ के सैनिकों में झड़प हुई। इसमें दोनों देशों की सेनाओं के कुछ जवानों के जख्मी होने की खबर है। हालांकि, भारत के जवानों ने LAC तक पहुंचने की कोशिश कर रहे चीनी सेनाओं को पीछे धकेल दिया। विवाद वाली जगह से फिलहाल दोनों देशों की सेनाएं हट गई हैं।

चीनी सेना ने भारतीय जवानों पर लगाए आरोप

चीनी सैन्य अधिकारी और PLA के पश्चिमी कमांड के प्रवक्ता लॉन्ग शाओहुआ ने कहा कि भारत चीन की सीमा पर तैनात अपने सैनिकों को नियंत्रित करे और चीन के साथ मिलकर सीमावर्ती इलाकों में शांति बहाल करे। उन्होंने आरोप लगाया कि 9 दिसंबर को भारतीय सैनिकों ने अवैध तरीके से सीमा पार करने के बाद रूटीन पेट्रोलिंग कर रहे चीनी सैनिकों को उकसाया, जिसकी वजह से झड़प हुई थी।

17 हजार ऊंची चोटी पर कब्जा करने की फिराक में चीन

इधर, भारतीय सेना ने मंगलवार को कहा कि सेटेलाइट इमेजेस से पता चलता है कि चीन की सेना PLA ने अरुणाचल प्रदेश के तवांग से सटे अपने इलाके में गांव बसाने के साथ ही भारत-चीन बॉर्डर पर रोड का भी निर्माण कर लिया है। सेना ने सूत्रों के हवाले से बताया कि 9 दिसंबर को चीन के 300 सैनिक एलएसी के पास आ गए थे। 17 हजार फीट की ऊंचाई पर इन्हें नियंत्रित करने के लिए रणनीति की जरूरत होती है, लेकिन इसके बाद भी भारतीय सैनिकों ने प्रयास किया। सेना ने कहा कि चीन बार-बार 17,000 फीट ऊंची चोटी पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन भारत का शिखर पर नियंत्रण है। इससे उसे सीमा के दोनों तरफ एक कमांडिंग व्यू मिलता है।

राजनाथ बोले- हमारी सेना ने चीन को रोका

इससे पहले, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में इस घटना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लोकसभा और राज्यसभा में बताया कि भारतीय सेना ने बहादुरी से पीएलए को हमारे क्षेत्र में अतिक्रमण करने से रोका और उसे अपनी चौकियों पर वापस जाने के लिए मजबूर कर दिया। उन्होंने माना कि झड़प में दोनों सेनाओं के कुछ सैनिक घायल हुए हैं। राजनाथ ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश के यांग्त्सी क्षेत्र में चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) ने यथास्थिति को बदलने की कोशिश की थी, जिसे हमारी सेना ने विफल कर दिया। इस झड़प में किसी भारतीय सैनिक की मृत्यु नहीं हुई, और न ही कोई भारतीय सैनिक गंभीर रूप से घायल हुआ है।

चीनी विदेश मंत्रालय ने ब्योरा देने से किया इंकार

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने कहा- जहां तक ​​हमें पता है, चीन और भारत के बीच सीमा पर मौजूदा स्थिति सामान्यत: स्थिर है। उन्होंने पत्रकारों से कहा – इससे अधिक ब्योरे के लिए आपको सक्षम अधिकारियों से संपर्क करना चाहिए। वांग ने यह भी कहा कि बीजिंग उम्मीद करता है कि भारत हमारे साथ समान दिशा में काम करेगा और दोनों पक्षों के नेताओं की आम समझ के अनुरूप चलेगा। इसके साथ ही दोनों पक्षों द्वारा समझौतों का पालन करेगा और सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति एवं स्थिरता बनाए रखेगा। जून 2020 में गलवान घाटी में भीषण संघर्ष के बाद दोनों देशों के सैनिकों के बीच यह पहली बड़ी झड़प है।

पिछले साल भी हुई ऐसी घटना

अक्टूबर 2021 में भी अरुणाचल प्रदेश के इसी इलाके में भारतीय सेना ने चीनी सैनिकों को रोका था। उस वक्त पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के करीब 200 जवान LAC के पास आना चाह रहे थे। तब भी दोनों सेनाओं के बीच झड़प हुई थी। इससे पहले 2020 में गलवान में भारतीय और चीनी सैनिकों की जबरदस्त झड़प हुई थी। उस वक्त सीमा में दाखिल होने की कोशिश कर रहे चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के सैनिकों ने गश्त के दौरान भारतीय सैनिकों पर हमला कर दिया था। इस हमले में भारत के 20 जवान शहीद हो गए थे। घटना में चीन ने पहले तो किसी भी जवान के मारे जाने से इंकार किया था।हालांकि, 2021 में चीन ने इस झड़प में अपने पांच अफसर और कई सैनिकों के मारे जाने की बात स्वीकारी थी।

अरुणाचल के तवांग में भारत – चीन के सैनिकों में भिड़ंत, दोनों सेनाओं के कई जवान घायल

संबंधित खबरें...

Back to top button