Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पटवारी को 10 माह लगे, राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे की 2 साल बाद भी नई टीम नहीं

अक्टूबर 2022 में संभाली थी कांग्रेस की कमान, संगठन का नए सिरे से गठन नहीं
Follow on Google News
पटवारी को 10 माह लगे, राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे की 2 साल बाद भी नई टीम नहीं

राजीव सोनी-भोपाल। कांग्रेस पार्टी देश में भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली को लेकर भले कितने ही आरोप लगाते रहे लेकिन वस्तुस्थिति यह है कि उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे दो साल बाद भी संगठन का नए सिरे से गठन नहीं कर पाए। पुरानी बॉडी भंग किए बिना कुछ नए लोग जुड़ गए और कुछ के प्रभार बदल दिए गए। मप्र सहित जिस तरह अन्य राज्यों की इकाई भंग कर पदाधिकारियों की नई टीम बनाई गई वैसी बॉडी का गठन राष्ट्रीय स्तर पर नहीं हो पाया।

कांग्रेस ने उदयपुर और रायपुर में संपन्न अधिवेशन में संगठन को लेकर बड़ी-बड़ी घोषणाएं भी की गई थीं लेकिन पार्टी उन पर भी अमल नहीं कर पाई। 5 वर्षीय कार्यकाल के लिए चुने गए राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे हाल फिलहाल ज्यादातर पुरानी टीम के पदाधिकारियों से ही काम ले रहे हैं।

राहुल ने कमान संभालने के 7 माह बाद बना दी थी टीम

खरगे के पूर्व दिसंबर 2017 में जब राहुल गांधी ने पार्टी अध्यक्ष की कमान संभाली तब उन्होंने 7 महीने बाद ही जुलाई 2018 में अपनी नई टीम घोषित कर दी थी।

सभी वरिष्ठ नेताओं ने साधा मौन

कांग्रेस में करीब ढाई दशक बाद संगठन की कमान गांधी परिवार से बाहर के व्यक्ति के हाथ में आई है। अध्यक्ष पद पर उनके निर्वाचन के बाद कई राज्यों में विस चुनाव हो चुके हैं। छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्यप्रदेश सहित अन्य कई राज्य उसके हाथ से फिसल चुके हैं। लोस चुनाव को भी 6 माह बीत गए। कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी इस पर कुछ भी कहने से कन्नी काटते रहे।

कांग्रेस के उदयपुर-रायपुर अधिवेशन में हुए थे बड़े ऐलान

राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे के निर्वाचन से चार महीने पहले (मई 2022)कांग्रेस ने अपने बहुचर्चित उदयपुर अधिवेशन में जो 'नव संकल्प' लिए थे उन्हें भी चंद महीने बाद भुला दिया। अधिवेशन के दौरान पार्टी में नई ऊर्जा भरने एक व्यक्ति एक पद, एक परिवार एक टिकट जैसे नियम के साथ 50 साल से कम उम्र के लोगों को आधे से ज्यादा प्रतिनिधित्व देने का संकल्प जताया गया था।

मप्र में भी हुई थी देरी

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस ने जीतू पटवारी को प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान सौंपी थी। 16 दिसंबर 2023 को जीतू पटवारी को कमलनाथ की जगह प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। 11 अक्टूबर के दिन पटवारी ने पीसीसी की जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद नवंबर में पटवारी की टीम बन पाई थी। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने पुरानी टीम भंग कर 177 सदस्यीय कार्यकारिणी घोषित की थी।

फैक्ट फाइल...

  • 26 अक्टूबर 2022 को खरगे ने अध्यक्ष पद संभाला।
  • 24 साल बाद गांधी परिवार से बाहर का अध्यक्ष।
  • 137 साल की कांग्रेस में छठवीं बार अध्यक्ष का चुनाव।
People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts