ऑटोमोबाइलव्यापार जगत

तीसरी तिमाही में 141 फीसदी बढ़ा ओलेक्ट्रा का राजस्व, दिसंबर तक मिले 3,220 ई बसों के ऑर्डर

ऑटो डेस्क। देशभर में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में ई बसों की आपूर्ति करने वाली इलेक्ट्रिक मोबिलिटी कंपनी ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक लिमिटेड (OLECTRA) ने 2022-23 के तीन तिमाही यानी दिसंबर 2022 तक 9 महीने में 766.0 करोड़ रुपए का राजस्व कमाया है। कंपनी ने पिछले वित्तीय वर्ष में इसी अवधि में 317.3 करोड़ का राजस्व जुटाया था। यानी, कंपनी ने इस बार 9 महीने में राजस्व में 141% की वृद्धि की है।

सप्लाई में अड़चनों के बाद भी की डिलीवरी

ओलेक्ट्रा के अध्यक्ष और एमडी केवी प्रदीप ने बताया कि दुनिया भर में सप्लाई चेन में अड़चनें आने के बावजूद हमने मजबूत व्यावसायिक प्रदर्शन जारी रखा। यही वजह है कि कंपनी के स्थायी राजस्व में वृद्धि हुई है। प्रदीप के मुताबिक वित्तीय वर्ष 22-23 की तीसरी तिमाही में कंपनी को 3,220 इलेक्ट्रिक बसों का ऑर्डर मिला। पिछले साल हमने इस तिमाही में 103 इलेक्ट्रिक बसों की डिलीवरी की थी, जबकि इस वर्ष दिसंबर तक 142 ई बसों की डिलीवरी कर चुके हैं। हम पर्यावरण से जुड़े लक्ष्य पूरा करने और सरकारी सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में पुराने बेड़े को बदलने के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं। इस साल की शुरुआत में कंपनी ने नागपुर, सिलवासा, सूरत और देहरादून में डिलीवरी पूरी की। उन्होंने कहा- हम आने वाली तिमाहियों में ऐसी ही वृद्धि जारी रखेंगे। हमारा पूरा फोकस फिलहाल ऑर्डर पूरा करने पर है।

24.7 करोड़ रुपए शुद्व लाभ बढ़ा

कंपनी द्वारा जारी एक आंकड़ों के अनुसार 31 दिसंबर, 2021 को समाप्त 9 महीने की अवधि में उसे 18.2 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ हुआ था, जबकि दिसंबर 22 को समाप्त 9 महीने तक उसने 42.9 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ कमाया। नतीजे में कंपनी के लाभ में 24.7 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई, जोकि 136% से अधिक है। कंपनी के बढ़ते लाभ के बीच शेयरों में भी इजाफा हुआ है। कंपनी ने 31 दिसंबर, 2022 को समाप्त अवधि के लिए प्रति शेयर आय (EPS) 5.23 रुपए दर्ज की, जबकि 31 दिसंबर, 2021 को समाप्त अवधि के लिए यह 2.22 रुपए थी।

E-Bus का निर्माण करती है कंपनी

ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक लिमिटेड की स्थापना 2000 में हुई थी। यह हैदराबाद के MEIL ग्रुप का हिस्सा है। कंपनी ने 2015 में भारत में इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत की। यह कंपनी इलेक्ट्रिक बसों का निर्माण करती है। पिछले वर्ष मुंबई को बेस्ट की बसें ई बसों से बदलने के दौरान कंपनी ने टाटा की बसों को पछाड़ा था।

यह भी पढ़ें AUTO EXPO 2023 : मारुति ने पेश की पहली इलेक्ट्रिक SUV, सिंगल चार्ज में चलेगी 500 किमी

संबंधित खबरें...

Back to top button