Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

न्यूजीलैंड में तेज भूकंप के झटके : रिक्टर स्केल पर 6.5 रही तीव्रता, सुनामी का अर्लट जारी

Follow on Google News
न्यूजीलैंड में तेज भूकंप के झटके : रिक्टर स्केल पर 6.5 रही तीव्रता, सुनामी का अर्लट जारी
वेलिंगटन। न्यूजीलैंड में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। मंगलवार (25 मार्च) को न्यूजीलैंड के रिवर्टन तट पर 6.5 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र धरती की सतह से 10 किलोमीटर (6.2 मील) की गहराई पर स्थित था। इस झटके का प्रभाव रिवर्टन से 159 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिणपश्चिम (WSW) में महसूस किया गया। हालांकि, अब तक किसी बड़े नुकसान या हताहत की कोई सूचना नहीं मिली है।

सुनामी का खतरा, तटीय इलाकों में अलर्ट

भूकंप के बाद न्यूजीलैंड की आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी स्थिति का आकलन कर रही है कि, क्या इससे सुनामी आ सकती है। एजेंसी ने कहा कि, अगर सुनामी की स्थिति पैदा हुई तो इसे देश तक पहुंचने में कम से कम एक घंटे का समय लगेगा। इसी कारण तटीय क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है और लोगों को समुद्र से दूर रहने की सलाह दी गई है।

आपातकालीन अलर्ट जारी

इस भूकंप के झटकों ने दक्षिणी द्वीप के कई इलाकों को हिला दिया। दोपहर 2:43 बजे आए इस झटके के तुरंत बाद आपातकालीन मैसेज अलर्ट जारी किए गए, ताकि लोग सतर्क रहें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। न्यूजीलैंड के आपातकालीन प्रबंधन और रिकवरी मंत्री मार्क मिशेल ने कहा कि भूकंप से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों के लिए तैयारियां की जा रही हैं।

भूकंप-संवेदनशील क्षेत्र में आता है न्यूजीलैंड

न्यूजीलैंड एक भूकंप-संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है और यहां अक्सर बड़े भूकंप आते रहते हैं। इसका प्रमुख कारण यह है कि, यह देश ऑस्ट्रेलियाई और प्रशांत प्लेटों के संगम पर स्थित है, जहां टेक्टोनिक गतिविधियां अधिक होती हैं। USGS के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया-प्रशांत प्लेट की सीमा मैक्वेरी द्वीप से लेकर केरमाडेक द्वीप रेंज तक फैली हुई है। इस क्षेत्र में 1900 के बाद से 7.5 या उससे अधिक तीव्रता के लगभग 15 भूकंप दर्ज किए गए हैं। इनमें से नौ भूकंप मैक्वेरी रिज के पास आए थे, जहां 1989 में 8.2 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप दर्ज किया गया था।

क्राइस्टचर्च और अन्य विनाशकारी भूकंपों का इतिहास

न्यूजीलैंड में पहले भी कई घातक भूकंप आ चुके हैं। 2011 में क्राइस्टचर्च में 6.3 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 185 लोगों की जान चली गई थी। इसके अलावा, 1931 में हॉक्स बे में आया 7.8 तीव्रता का भूकंप न्यूजीलैंड के इतिहास का सबसे बड़ा भूकंप था, जिसमें 256 लोगों की मौत हुई थी।

आगे की तैयारियां और सरकार की अपील

भूकंप के बाद न्यूजीलैंड की आपातकालीन सेवाएं सतर्क हो गई हैं। प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि वे आफ्टरशॉक्स (भूकंप के बाद के झटके) के लिए तैयार रहें और सरकारी निर्देशों का पालन करें। तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। न्यूजीलैंड में आए इस भूकंप ने लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है, लेकिन प्रशासन की मुस्तैदी से स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है। आने वाले कुछ घंटों में आफ्टरशॉक्स की संभावना को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है। ये भी पढ़ें- वेटिकन पहुंचे पोप फ्रांसिस, पांच हफ्तों बाद अस्पताल से मिली छुट्टी, रविवार को पहली बार सार्वजनिक रूप से आए नजर
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts