
नई दिल्ली। देशभर में भीषण गर्मी के बीच अब एयर कंडीशनर (AC) के इस्तेमाल को लेकर एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। केंद्र सरकार जल्द ही नया नियम लाने जा रही है, जिसके तहत आप अपना नया AC अब 16 या 18 डिग्री पर नहीं चला पाएंगे। नया नियम लागू होने के बाद AC का तापमान सिर्फ 20°C से 28°C के बीच ही सेट किया जा सकेगा। यह कदम बिजली की बढ़ती खपत, पावर ग्रिड पर बढ़ते दबाव और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से उठाया गया है।
AC का तापमान अब होगा ‘स्टैंडर्ड’
केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस योजना की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार जल्द ही सभी एयर कंडीशनर्स के लिए तापमान सीमा तय करने जा रही है। अब नया AC खरीदेंगे तो 20 डिग्री से नीचे और 28 डिग्री से ऊपर का तापमान सेट नहीं कर सकेंगे। यह व्यवस्था ठंडा और गर्म दोनों मोड्स पर लागू होगी।
बिजली की बचत और बिल में राहत
- सरकार का मानना है कि AC को लो टेम्परेचर (16-18 डिग्री) पर चलाने से बिजली की खपत बेहद ज्यादा होती है।
- हर 1 डिग्री तापमान बढ़ाने से लगभग 6% बिजली की बचत होती है।
- एक स्टडी के मुताबिक, अगर यह नियम पूरे देश में लागू हुआ तो 2035 तक 60 गीगावाट तक पीक डिमांड कम हो सकती है।
- इससे 7.5 लाख करोड़ रुपए की बिजली और ग्रिड इंफ्रास्ट्रक्चर लागत की बचत होगी।
गाड़ियों के AC पर भी लागू होगा नियम
यह नियम सिर्फ घरों और दफ्तरों में लगे AC तक सीमित नहीं रहेगा। सरकार ने साफ किया है कि गाड़ियों में लगे एयर कंडीशनर्स पर भी यही मानक लागू होगा। यानी अब कारों में भी AC को 20°C से नीचे सेट करना संभव नहीं होगा।
कहां-कहां लागू होगा यह नियम?
यह नया नियम लागू होने के बाद सभी सेक्टर्स पर लागू होगा। जिसमें घरों, ऑफिसों, मॉल, होटल, थिएटर जैसे कमर्शियल स्थानों पर सार्वजनिक परिवहन और निजी गाड़ियों में भी लागू होगा।
क्या पुराने AC पर भी लागू होगा नियम?
फिलहाल सरकार ने स्पष्ट नहीं किया है कि यह नियम पुराने AC पर लागू होगा या नहीं। हालांकि, नए AC में ऐसी तकनीक अनिवार्य की जाएगी, जिससे यूज़र 20 डिग्री से नीचे तापमान सेट ही न कर सके। पुराने AC के लिए भविष्य में सॉफ्टवेयर अपडेट या हार्डवेयर एडजस्टमेंट की संभावना से इंकार नहीं किया गया है।
अन्य देशों में क्या है स्थिति?
- भारत से पहले कई विकसित देशों ने यह कदम उठाया है।
- जापान में AC का तापमान 26°C पर स्टैंडर्ड है।
- इटली में यह 23°C रखा गया है।
- वहां की सरकारें पब्लिक बिल्डिंग्स में मिनिमम और मैक्सिमम टेम्परेचर सीमित करती हैं।
नियम कब होगा लागू?
मंत्री खट्टर ने बताया कि इस नियम को ‘बहुत जल्द’लागू किया जाएगा। वर्तमान में सरकार AC कंपनियों के साथ मिलकर टेक्निकल मानक तय कर रही है। नियमों के नोटिफाई होते ही सभी नए AC उसी के अनुसार बनाए जाएंगे।