खेलताजा खबरराष्ट्रीय

नीरज चोपड़ा को मिला सेना में बड़ा सम्मान, बने टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल

नई दिल्ली। भारत को ओलंपिक में स्वर्ण पदक दिलाने वाले स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा को एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। उन्हें भारतीय सेना की टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल की उपाधि दी गई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह मानद रैंक प्रदान की है। नीरज को यह पदभार भारत की टेरिटोरियल आर्मी रेगुलेशन, 1948 के पैरा-31 के तहत दिया गया है।

गोल्डन ब्वॉय नीरज चोपड़ा को भारतीय सेना में मिला बड़ा पद, अब भाले के साथ संभालेंगे ये जिम्मेदारी

सेना में पहले से थे सूबेदार

नीरज चोपड़ा पहले से ही भारतीय सेना का हिस्सा हैं। वे राजपूताना राइफल्स में सूबेदार के पद पर कार्यरत थे। उन्हें वर्ष 2016 में नायब सूबेदार के रूप में सेना में शामिल किया गया था। सेना में रहते हुए उन्होंने ओलंपिक जैसे बड़े मंच पर देश का नाम रोशन किया, जिसके बाद यह सम्मान उन्हें दिया गया है।

ओलंपिक में रचा था इतिहास

नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक 2021 में 87.58 मीटर भाला फेंककर भारत को ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धा में पहला व्यक्तिगत गोल्ड मेडल दिलाया था। उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से देश को गौरवांवित किया और नई पीढ़ी के एथलीटों के लिए प्रेरणा बने।

टोक्यो के बाद पेरिस ओलंपिक 2024 में भी नीरज ने अपने प्रदर्शन को बरकरार रखा और सिल्वर मेडल जीतकर भारत के लिए लगातार दो ओलंपिक पदक जीतने वाले दुर्लभ खिलाड़ियों में शामिल हो गए। इस शानदार उपलब्धि के चलते उन्हें कई ब्रांड्स से विज्ञापन प्रस्ताव भी मिले हैं, जिससे उनकी लोकप्रियता और कमाई में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।

नीरज चोपड़ा ने 2025 में प्रोफेशनल टेनिस खिलाड़ी हिमानी मोर से विवाह किया है।

धोनी जैसे दिग्गजों की लीग में शामिल

नीरज से पहले भी कई बड़े खिलाड़ी टेरिटोरियल आर्मी का हिस्सा रह चुके हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पहले ही इस सेना की इकाई से जुड़े हुए हैं। नीरज चोपड़ा अब इस विशिष्ट सूची में शामिल होकर सेना और खेल दोनों क्षेत्रों में योगदान देने वाले प्रतिष्ठित चेहरों में शामिल हो गए हैं।

ये भी पढ़ें- मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला, जेवर में बनेगी देश की छठी सेमीकंडक्टर यूनिट, हर महीने बनेंगी 3.6 करोड़ चिप

संबंधित खबरें...

Back to top button