Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

नौतपा का चौथा दिन : MP का पृथ्वीपुर फिर रहा सबसे गर्म, 48.5 डिग्री रहा तापमान, प्रचंड गर्मी से 20 स्थानों पर टेम्प्रेचर 45 के पार

नौतपा का चौथा दिन : MP का पृथ्वीपुर फिर रहा सबसे गर्म, 48.5 डिग्री रहा तापमान, प्रचंड गर्मी से 20 स्थानों पर टेम्प्रेचर 45 के पार
भोपाल। नौतपा के शुरुआती दिनों से ही भीषण गर्मी पड़ रही है। मध्य प्रदेश के कई शहर भट्टी की तरह तप रहे हैं। भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। बाजार में सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। चिलचिलाती धूप के कारण लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। वहीं प्रदेश के निवाड़ी जिले का पृथ्वीपुर लगातार दूसरे दिन सबसे गर्म रहा। नौतपा के चौथे दिन मंगलवार को पृथ्वीपुर में तापमान 48.5 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि सोमवार को यहां पारा 48.7 डिग्री रहा था।

20 स्थानों पर पारा 45 डिग्री के पार

प्रदेश के 20 स्थानों पर तापमान 45 डिग्री से ज्यादा रहा। पृथ्वीपुर के बाद दतिया सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 48.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रीवा में 48.2 डिग्री और खजुराहो में पारा 48 डिग्री रहा। जबकि ग्वालियर में 47.6 डिग्री, टीकमगढ़ में 47.2 डिग्री, सतना व नौगांव-सिंगरौली में 47.1 डिग्री, राजगढ़ में 46.8 डिग्री, दमोह में 46.5 डिग्री, गुना में 46.4 डिग्री, पिपरौंध (कटनी) में 46.3 डिग्री, शिवपुरी में 46.2 डिग्री, कल्याण पुर (शहडोल) में 45.9 डिग्री, आंवरी (अशोकनगर) में 45.6 डिग्री, सीहोर में 45.2 डिग्री, भोपाल-सागर में 45.1 डिग्री और खजुराहो में पारा 45 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में पारा 47.6 डिग्री, भोपाल में 45.1 डिग्री, जबलपुर में 42.0 डिग्री, उज्जैन में टेम्प्रेचर 41.6 डिग्री, इंदौर में 41.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

बाजारों में पसरा सन्नाटा

दोपहर होते ही आधा से ज्यादा आमजन घरों में कैद हो गए। नौतपा की गर्मी के कहर ने जहां बाजारों में सन्नाटा पसरा दिया, वहीं दोपहर चली हवाओं ने लू के थपेड़ों का काम किया, जिससे लोग गर्मी से त्रस्त नजर आए। घरों एवं दुकानों में चल रहे एसी भी आज नकारा साबित होते नजर आए, एसी, कूलर चलने के बावजूद भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही थी। हालत ये थी कि लोग अपने मुंह पर कपड़ा बांधकर बाहर निकल रहे थे, लेकिन गर्मी के कहर के आगे ये भी सब नाकाफी लग रहा था।

दिन के साथ रातें भी हो रहीं गर्म

लू और गर्म हवाओं के प्रभाव के चलते मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर बना हुआ है। दिन में प्रचंड गर्मी के बाद अब रात का पारा भी प्रदेश के कई हिस्से में बढ़ने लगा है, जिसके चलते रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश भर में भीषण गर्मी का दौर बना हुआ है। आने वालों कुछ दिनों तक यहां गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है।

हीट स्ट्रोक की स्थिति में ऐसे करें बचाव

सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर तिवारी ने बताया कि हीट स्ट्रोक जानलेवा हो सकता है। तापघात की स्थिति में मरीज शॉक में चला जाता है। लू लगने की स्थिति में सबसे पहले मरीज को पानी पिलाकर शरीर के तापमान को कम करने के उपाय किए जाने चाहिए। सामान्य तापमान के पानी में कपड़े को भिगों कर शरीर पर मलना चाहिए। शरीर में पानी की कमी न हो इसका विशेष ध्यान रखें। साथी ही जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया जाए।

आम जनता के लिए एडवाइजरी, करें ये उपाय

  1. धूप और प्यास से बचें
  2. पानी, छाछ, ओआरएस का घोल, लस्सी, नींबू पानी, आम का पना पिएं
  3. दोपहर 12 से 3 के बीच न निकलें बाहर
  4. धूप में जाएं तो सिर ढका रहे, टोपी, गमछा, छतरी और दुपट्टे का करें प्रयोग
  5. तला हुआ और गरिष्ठ भोजन न करे, मादक पदार्थ, शराब, चाय और कॉफी का भी करें परहेज
  6. ज्यादा गर्मी होने पर ठंडे पानी से शरीर पोंछे या बार-बार करें स्नान
  7. टाइट और सिंथेटिक के बजाय ढीले-ढाले सूती कपड़ों का करें प्रयोग
मध्य प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts