
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नागपुर दौरे के बाद पूरे देश में लोग भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो 30 मार्च को पीएम मोदी और संघ प्रमुख मोहन भागवत के बीच इस विषय पर चर्चा हुई। चर्चा के अनुसार इस महीने BJP को अपना नया राष्ट्र अध्यक्ष मिल जाएगा। साथ ही दौरे से लौटने के बाद पीएम की कई वरिष्ठ नेताओं से भी बातचीत हुई। इस बैठक में वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा, अमित शाह, राजनाथ सिंह और संगठन महामंत्री बीएल संतोष शामिल थे। नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ इस बैठक में संगठनात्मक चुनाव पर चर्चा भी की गई।
इस महीने अध्यक्ष का चुनाव पूरा करें- पीएम मोदी
रिपोर्ट्स के मुताबिक पीएम मोदी ने नड्डा और बीएल संतोष से चुनाव प्रक्रिया इस महीने पूरा करने को कहा। भाजपा अब तक 13 राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर चुकी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए कुल 19 राज्यों में चुनाव कराना जरूरी है।
सूत्रों के अनुसार, अगले हफ्ते तक उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल सहित बाकी बचे अधिकतर राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के नाम घोषित किए जा सकते हैं। इससे 50% राज्यों में चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी, जिसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव संभव हो सकेगा।
फिलहाल केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा पार्टी के अध्यक्ष हैं
जेपी नड्डा को 2019 में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था और जनवरी 2020 में वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे। लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए उनका कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ा दिया गया था। अब जब वे केंद्रीय मंत्री बन चुके हैं, तो पार्टी को नया अध्यक्ष चुनना है।
नियमों से बंधी है राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की प्रक्रिया
दरअसल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को चुनने की प्रक्रिया कुछ नियमों से बंधी हुई है। इन नियमों के पूरा न होने के कारण अब तक अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो पाया है। बता दे कि भाजपा अध्यक्ष का कार्यकाल 3 साल का होता है। साथ ही कोई भी व्यक्ति 2 बार से अधिक पार्टी का अध्यक्ष नहीं बन सकता। इसके साथ पार्टी के नए अध्यक्ष को 12 अहम चुनाव अपने कार्यकाल में कराने होंगे।
ये भी पढ़ें- फलों का राजा आम : सिर्फ स्वाद ही नहीं, सेहत के लिए भी अमृत; स्वाद में लाजवाब और ताजगी का खजाना