MP में मौसम ने ली करवट : कई जिलों में तेज बारिश, भोपाल में ओले गिरे, खरीदी केंद्रों में रखी धान भीगी

भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हो रही है। बारिश से किसानों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। खरीदी केंद्रों में पानी भरने से खुले में रखी फसल भीग गई। राजधानी भोपाल सहित इंदौर, ग्वालियर, चंबल और सागर संभागों के जिले में अधिकांश स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई। इसके साथ ही कहीं-कहीं चने के आकार के रुप में ओले भी गिरे है।
प्रदेश के रीवा और जबलपुर में कुछ स्थानों पर तथा नर्मदापुरम व उज्जैन संभागों के जिले में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई। मौसम के करवट बदलने के फलस्वरुप नर्मदापुरम संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान काफी गिरे। प्रदेश के इंदौर, भिंड, मुरैना, ग्वालियर, नर्मदापुरम, जबलपुर, निवाड़ी, छतरपुर, टीमकगढ़, छिंदवाड़ा और रीवा जिले में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहा।
भोपाल में बारिश के साथ ओले भी गिरे
प्रदेश की राजधानी भोपाल में तीन दिन से आसमान बादल छाये हुए हैं। वहीं शुक्रवार रात से हो रही बारिश शनिवार सुबह तक जारी रही। इसके बाद बादले छाए रहे और बिजली की गड़गड़ाहट के साथ दोपहर करीब 12.30 बजे के बाद तेज बारिश हुई। जहां पानी के साथ चने के आकार के ओले भी गिरे। हालांकि दोपहर डेढ़ बजे के बाद गुनगुनी धूप निकलने से थोड़ी राहत मिली। देखें वीडियो...
उमरिया : खुले में रखी धान भीगी
उमरिया में भी तेज बारिश हुई। यहां के धान खरीदी केंद्र पथरेटा में खुले में रखी धान भीग गई है। तिरपाल लगाकर अनाज को बचाने की कोशिश की गई। इसके अलावा अन्य जिलों में भी धान खरीदी केंद्र में अव्यवस्था की वजह से सैकड़ों बोरी धान बारिश में भीग गई है। वहीं नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा में तेज बारिश, खेतों में अरहर की फसल आड़ी पड़ गई। देखें वीडियो...





















