इंदौर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रही फरहत नाजनीन को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला पर आरोप है कि उसने फर्जी शादी के दस्तावेज पेश कर आबकारी अधिकारी पर दहेज प्रताड़ना का झूठा मामला दर्ज कराया था। फरहत नाजनीन पर जालसाजी और धोखाधड़ी के कई गंभीर आरोप हैं।
तीन साल से फरार थी फरहत नाजनीन
मध्यप्रदेश के अलीराजपुर में पदस्थ तत्कालीन आबकारी अधिकारी विनय रंगशाही पर फर्जी एफआईआर कराने के मामले में फरहत नाजनीन का नाम सामने आया था। पुलिस ने 2021 में फरहत और उसके भाई इमरान खान के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 और 120बी के तहत मामला दर्ज किया था। इमरान खान को पुलिस ने अक्टूबर 2023 में गिरफ्तार कर लिया था, जबकि फरहत नाजनीन तीन साल से फरार चल रही थी।
देखें वीडियो...
फर्जी दस्तावेजों से किया जालसाजी का प्रयास
इंदौर एडिशनल डीसीपी राजेश ने बताया कि फरहत नाजनीन ने आबकारी अधिकारी के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। उसने दावा किया था कि उसकी शादी अधिकारी से हुई थी और इसके सबूत के तौर पर कोर्ट में दस्तावेज पेश किए। हालांकि, जांच में ये दस्तावेज फर्जी पाए गए। इसके बाद पुलिस ने फरहत नाजनीन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास शुरू कर दिए।
पुलिस ने घोषित किया था इनाम
फरहत नाजनीन के फरार रहने के कारण पुलिस ने उस पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। हाल ही में इंदौर पुलिस ने उसे रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
ये भी पढ़ें- इंदौर : हेड कॉन्स्टेबल को डिजिटल अरेस्ट करने की कोशिश, कहा- तुम्हारी बेटी ड्रग मामले में थी, फोन पर रोने की आवाज भी सुनाई