Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP में भाजपा को मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष, 2 जुलाई को होगा मतदान, 379 प्रतिनिधि करेंगे वोट, भोपाल में कल भरे जाएंगे नामांकन

MP में भाजपा को मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष, 2 जुलाई को होगा मतदान, 379 प्रतिनिधि करेंगे वोट, भोपाल में कल भरे जाएंगे नामांकन

भोपाल। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को दो दिन बाद नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने जा रहा है। सोमवार को पार्टी की ओर से चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। प्रदेश चुनाव अधिकारी विवेक शेजवलकर ने चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष के लिए चुनाव की प्रक्रिया 1 जुलाई से शुरू होकर 2 जुलाई को पूरी हो जाएगी।

नामांकन से लेकर परिणाम तक की समय-सारणी घोषित

  • 1 जुलाई को शाम 4:30 बजे से 6:30 बजे तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे।
  • 6:30 बजे से 7:30 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी।
  • 7:30 से 8:00 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया चलेगी।
  • 8:30 बजे नामांकन की अंतिम सूची घोषित की जाएगी।
  • 2 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा और 2 बजे से ही मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।

379 प्रतिनिधि करेंगे मतदान, कई दिग्गजों के नाम शामिल

चुनाव में कुल 379 मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें चार सांसद, 17 विधायक, 11 निकाय प्रतिनिधि और अन्य जिला प्रतिनिधि शामिल हैं। प्रमुख नामों में वर्तमान अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया और वीरेंद्र खटीक शामिल हैं।
विधायकों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, तुलसी सिलावट, भूपेंद्र सिंह जैसे दिग्गज नेता भी मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

भोपाल पहुंचेंगे केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान

प्रदेश अध्यक्ष चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए केंद्रीय मंत्री और प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान मंगलवार शाम 4 बजे भोपाल पहुंचेंगे। इसके बाद उनके और विवेक शेजवलकर की उपस्थिति में नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

पार्टी कर सकती है चौंकाने वाला फैसला

बीते कुछ वर्षों में बीजेपी ने कई राज्यों में चौंकाने वाले फैसले लिए हैं। भाजपा शासित राज्यों में मुख्यमंत्रियों के चयन में भी पार्टी ने अप्रत्याशित चेहरे सामने लाकर सबको चौंकाया था। अब एमपी में भी कुछ ऐसा ही होने की संभावना जताई जा रही है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले 19 राज्यों में होगा चुनाव

मध्यप्रदेश समेत कुल 19 राज्यों में अभी प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव बाकी है। जिन राज्यों में प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनमें बिहार, राजस्थान, छत्तीसगढ़, अरुणाचल, असम, केरल, नागालैंड और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं। इन सभी चुनावों के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

संगठन की मजबूती का आधार

पार्टी सूत्रों का कहना है कि आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों से पहले पार्टी का संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने के उद्देश्य से नए अध्यक्ष का चयन किया जा रहा है, जो मिशन 2029 की रणनीति में भी अहम भूमिका निभाएगा।

Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts