ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

कार के परखच्चे उड़ने के बाद भी हमें खरोंच तक नहीं आई, मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी ने जारी किया वीडियो

मैहर। विंध्य पार्टी बनाने वाले मैहर के बीजेपी विधायक नारायण त्रिपाठी की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा गढ़ा कोटा के पास 11 अप्रैल की रात हुआ। हादसे के बाद त्रिपाठी ने एक वीडियो के जरिये अपने और अन्य लोगों के ठीक होने की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि हम  कथा सुनने के लिए बागेश्वर धाम जा रहे थे। इस दौरान अचानक ट्रक से हमारा एक्सीडेंट हुआ। विधायक ने कहा कि हम दो गाड़ियों से थे। जिस गाड़ी का एक्सीडेंट हुआ उसमें चार लोग थे। उन्होंने बताया कि मां शारदा और बाबा बागेश्वर सरकार की कृपा की वजह से हम पूरी तरह स्वस्थ हैं। बता दें कि इस दुर्घटना में त्रिपाठी की गाड़ी के परखच्चे उड़ गए थे।

विधायक ने वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी है। बता दें कि नारायण त्रिपाठी ने हाल ही में विंध्य पार्टी के गठन की घोषणा की थी। वह विंध्य क्षेत्र की 30 सीटों की मांग कर रहे हैं। चुनाव से ऐन पहले बदले नारायण के इस रुख को लेकर पार्टी में अलग-अलग तरह की बातें सामने आ रही हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इस मामले में त्रिपाठी के खिलाफ सीधे तौर पर तो कोई बात नहीं कही थी, लेकिन उन्होंने कहा था कि चुनावी साल में यदि कोई पार्टी विधायक ऐसा करता है तो संगठन से बातचीत की जाएगी। इसके बाद कोई फैसला लिया जाएगा।

30 सीटों पर प्रत्याशी उतारेंगे त्रिपाठी

गौरतलब है कि नारायण त्रिपाठी ने 10 अप्रैल को ही नई पार्टी बनाने का एलान किया था। उन्होंने अपनी पार्टी का नाम विंध्य पार्टी रखा है। त्रिपाठी का कहना है कि उनकी पार्टी विंध्य की सभी 30 सीटों पर प्रत्याशी मैदान में उतारेगी। बता दें कि नारायण त्रिपाठी कभी एक पार्टी में लंबे समय तक नहीं रहे। 2003 में वह सपा के टिकट पर चुनाव जीते थे। 2008 के चुनाव में सपा के टिकट से चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें भाजपा प्रत्याशी से हार गए। इसके बाद वह कांग्रेस में चले गए। 2013 के विधानसभा चुनाव में उन्हें टिकट मिला और वे चुनाव जीत गए। 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने अजय सिंह राहुल को टिकट दिया तो नारायण ने नाराजगी जताई। उन्होंने 2015 में कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। 2016 के विधानसभा उपचुनाव में वह भाजपा के टिकट पर लड़े और जीते। इसके बाद 2018 में भी उन्होंने भाजपा के टिकट पर चुनाव जीता।

यह भी पढ़ें CM शिवराज 7 मार्च को करेंगे पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण; विधायक नारायण त्रिपाठी बोले- अर्जुन सिंह हमारे विंध्य की शान है

संबंधित खबरें...

Back to top button