ताजा खबरबॉलीवुडमनोरंजन

नहीं रहे महाभारत के ‘शकुनी मामा’ गूफी पेंटल, लंबी बीमारी के बाद हुआ निधन; 78 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

एंटरटेनमेंट डेस्क। महाभारत सीरियल में शकुनी मामा का किरदार निभाने वाले अभिनेता गूफी पेंटल का सोमवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने 78 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। पेंटल पिछले कई दिनों से मुंबई अंधेरी स्थित अस्पताल में भर्ती थे। उनके साथी कलाकार सुरेंद्र पाल ने निधन की पुष्टि की है, उनका अंतिम संस्कार शाम करीब चार बजे किया जाएगा।

हार्ट अटैक से हुआ निधन !

एक्टर गूफी पेंटल बीमारी की वजह से लंबे समय से अस्पताल में भर्ती थे। पिछले कई समय से उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। सोमवार सुबह मुंबई के अस्पताल में 78 की उम्र में गूफी पेंटल ने आखिरी सांस ली और हमेशा के लिए इस दुनिया को अलविदा कह गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गूफी पेंटल के भतीजे हितेन‌ पेंटल ने बताया कि उम्र संबंधी क‌ई‌ बीमारियों से जूझ रहे पेंटल का हार्ट अटैक से निधन हुआ है। उनका अंतिम संस्कार आज शाम‌ 4 बजे के करीब ओशिवरा श्मशान भूमि में किया जाएगा।

1975 में किया था बॉलीवुड डेब्यू

गूफी पेंटल ने अपने करियर में कई टीवी सीरियल और फिल्मों में काम किया था। उन्होंने 1975 में ‘रफू चक्कर’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था। 80 के दशक में वे कई फिल्मों और टीवी शोज में नजर आए। गूफी को पहचान 1988 में बीआर चोपड़ा के सीरियल ‘महाभारत’ में शकुनि मामा का किरदार निभाकर मिली। गूफी आखिरी बार स्टार भारत के शो ‘जय कन्हैया लाल की’ में नजर आए थे। एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले वो इंजीनियर थे।

सेना छोड़कर एक्टर क्यों बने गूफी पेंटल?

गूफी पेंटल को लोग टीवी शो ‘महाभारत’ के शकुनी मामा के तौर पर जानते हैं। गूफी पेंटल एक्टर बनने से पहले सेना में थे। 1962 में भारत-चीन के बीच जब युद्ध चल रहा था, तब वे इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। युद्ध के दौरान भी कॉलेज में आर्मी की भर्तियां चल रही थीं। उनकी पहली पोस्टिंग चीन बॉर्डर पर आर्मी आर्टिलरी में हुई थी। लेकिन उनके भाई अमरजीत पेंटल पहले से ही बॉलीवुड का हिस्सा थे। ऐसे में भाई को देखकर गूफी पेंटल भी मुंबई आ गए और एक्टर के तौर पर अपनी पहचान बनाई।

मनोरंजन जगत की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button