ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

MP News : बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को लेकर तस्वीर आज होगी साफ, शाम 4:30 बजे से भरे जाएंगे नामांकन; हेमंत खंडेलवाल दौड़ में सबसे आगे

भोपाल। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर सस्पेंस अब खत्म होने की कगार पर है। मंगलवार, 1 जुलाई को शाम 4:30 बजे से पार्टी कार्यालय में नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए दावेदार अपना नामांकन दाखिल करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल इस रेस में सबसे मजबूत उम्मीदवार माने जा रहे हैं।

कौन है CM मोहन यादव की पसंद ?

प्रदेश की राजनीति में यह माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहली पसंद बैतूल से विधायक हेमंत खंडेलवाल हैं। संगठन में खंडेलवाल की पकड़ मजबूत है और वे लंबे समय से पार्टी के भरोसेमंद चेहरे के रूप में पहचाने जाते हैं। वहीं महिला उम्मीदवारों में सागर सांसद लता वानखेड़े का नाम भी चर्चा में है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए उनके नाम पर मुहर लगना कम संभावना वाला माना जा रहा है।

5 बजे तक तय हो सकता है अध्यक्ष का नाम

भाजपा ने अपने चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, आज शाम 4:30 बजे से 6:30 बजे तक नामांकन दाखिल करने का समय तय किया है। इसके बाद 6:30 से 7:30 तक नामांकन पत्रों की जांच होगी, फिर 7:30 से 8:00 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा। रात 8:30 बजे अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।

हालांकि, यह लगभग तय माना जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व द्वारा किसी एक नाम पर सहमति बनते ही बाकी नामांकन नहीं होंगे और उम्मीदवार निर्विरोध चुना जाएगा। ऐसे में शाम 5 बजे तक स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

आदिवासी समाज को साधने की कोशिश

प्रदेश में 22% से अधिक आदिवासी जनसंख्या को देखते हुए पार्टी आदिवासी चेहरा प्रदेश अध्यक्ष बनाने पर भी विचार कर रही है। इस वर्ग के बीच सांसद गजेंद्र पटेल और केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके सबसे आगे माने जा रहे हैं।

इसके अलावा पूर्व मंत्री रंजना बघेल और विधायक कुंवर सिंह टेकाम के नामों पर भी चर्चा हुई है, लेकिन गजेंद्र पटेल और दुर्गादास उईके के नामों में ही टक्कर मानी जा रही है।

345 सदस्य करेंगे प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव

प्रदेश भाजपा में अध्यक्ष का चुनाव संगठन के 345 सदस्यों द्वारा किया जाएगा, जिसमें विधायक, सांसद और जिलास्तरीय प्रतिनिधि शामिल हैं। अब तक पार्टी में अधिकांश बार प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव निर्विरोध हुआ है।

वर्तमान में प्रदेश के 17 विधायक, मुख्यमंत्री, दोनों डिप्टी सीएम, और 3 सांसद इस प्रक्रिया में मतदान करेंगे। अंतिम फैसला पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की पसंद के आधार पर होगा।

आधे दर्जन से ज्यादा दावेदार

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं। मौजूदा अध्यक्ष वीडी शर्मा दोबारा पद पर काबिज होने के इच्छुक हैं, लेकिन पार्टी नेतृत्व नए चेहरे की ओर संकेत दे रहा है।

अन्य दावेदारों में पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला, सांसद सुधीर गुप्ता, अरविंद भदौरिया के नाम भी शामिल हैं। वहीं अनुसूचित जाति वर्ग से लाल सिंह आर्य और प्रदीप लारिया प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं।

महिला उम्मीदवारों की चर्चा के बीच अर्चना चिटनीस, कविता पाटीदार और सावित्री ठाकुर के नाम भी उछले हैं, लेकिन इन्हें लेकर कोई ठोस संकेत अभी तक नहीं मिले हैं।

2 जुलाई को होगी वोटिंग

यदि एक से अधिक नामांकन दाखिल होते हैं और कोई नामांकन वापस नहीं होता, तो 2 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक वोटिंग कराई जाएगी। इसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा। हालांकि, पार्टी की कार्यशैली को देखते हुए यह संभावना कम है कि वोटिंग की नौबत आए।

प्रदेश अध्यक्ष के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष की बारी

मध्य प्रदेश समेत देश के 19 राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव पूरा होने के बाद पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू करेगी। अब तक 14 राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जा चुके हैं। एमपी के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, गुजरात, उत्तराखंड जैसे बड़े राज्यों में भी जल्द ही चुनाव प्रक्रिया पूरी होनी है।

ये भी पढ़ें- इंदौर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, 75 छात्रों के लिए दोबारा होगी NEET-UG परीक्षा, NTA को जल्द एग्जाम कराने के निर्देश

संबंधित खबरें...

Back to top button