अपनों ने छोड़ा, परायों ने अपनाया, जंगल में मिले मासूम को अमेरिका ले जाएगा विदेशी कपल

झाबुआ के पेटलावद के जंगल में 6 महीने पहले लावारिस मिला 2 महीने का बच्चा अब अमेरिका जाने की तैयारी में है। जन्म से कटे तालू (Cleft Palate) और कटे होंठ (Cleft Lip) की समस्या के कारण माता-पिता ने उसे जंगल में छोड़ दिया था। अब यह बच्चा एक अमेरिकी कपल ने अडॉप्ट कर लिया है। अब वह उनके परिवार का हिस्सा बनने जा रहा है। बुधवार को कपल ने इंदौर में बच्चे के साथ उसका जन्मदिन मनाया। जैसे ही पासपोर्ट की प्रक्रिया पूरी होगी, वे उसे लेकर अमेरिका रवाना होंगे।
संजीवनी संस्था ने दी नई जिंदगी
मासूम को झाबुआ के सरकारी अस्पताल से इंदौर की संजीवनी सेवा संगम संस्था भेजा गया था। यहां बच्चे की तीन सर्जरी करवाई गई, जिसके बाद वह पूरी तरह स्वस्थ हो गया। संस्था की सुपरिटेंडेंट आशा सिंह ने बताया कि सर्जरी के बाद बच्चे को काफी तकलीफ हुई थी। लेकिन संस्था के 8 केयरटेकर ने मां की तरह उसकी देखभाल की। झाबुआ की बाल कल्याण समिति (CWC) ने बच्चे के जैविक माता-पिता को खोजने की पूरी कोशिश की थी। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसे गोद लेने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।





















