ताजा खबरराष्ट्रीय

झारखंड : सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता, खूंटी से नक्सल संगठन PLFI के छह नक्सली गिरफ्तार; हथियार बरामद

खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले में दो अलग-अलग अभियानों के तहत प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से हथियार बरामद किए गए हैं। खूंटी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमन कुमार ने इसकी जानकारी दी। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार नक्सलियों से पूछताछ कर रही है।

नक्सलियों की हुई पहचान

खूंटी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमन कुमार ने रविवार को बताया कि पीएलएफआई के दो सदस्यों को शुक्रवार शाम को बुर्जु रुई टोला इलाके से गिरफ्तार किया गया था, जहां वे उगाही करने पहुंचे थे। वहीं चार अन्य सदस्यों को टुयु गांव के पास एक वन क्षेत्र से पकड़ा गया। कुमार के मुताबिक, बुर्जु रुई टोला इलाके से गिरफ्तार पीएलएफआई के दो सदस्यों की पहचान संजय मुंडारी (32) और एसी रमय (28) के रूप में की गई है।

मुंडारी और रमय के पास से चार कारतूस, पीएलएफआई के पर्चे, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। अन्य चार गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान अजय धान उर्फ सोमा धान, चंदन होरो, जातरू हेरेंज और मणि मुंडा के रूप में की गई है। इन चारों के पास से एक देसी राइफल, एक देसी पिस्तौल, एक देसी कार्बाइन, नौ कारतूस, तीन मोबाइल फोन और संगठन के 10 पर्चे बरामद किए हैं।

72 घंटे में पीएलएफआई के 10 सदस्य गिरफ्तार

एसपी ने बताया कि खूंटी में विभिन्न जगहों पर नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पिछले 72 घंटे में पीएलएफआई के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले, बृहस्पतिवार को रेगड़े वन से प्रतिबंधित संगठन के चार नक्सलियों को पकड़ा गया था और उनके पास से हथियार बरामद किए गए थे।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button