ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

वीडी को नहीं मिला ESI अस्पताल, गणेश सिंह का बायोडायवर्सिटी पार्क मंजूर

भोपाल। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और खजुराहो सांसद वीडी शर्मा को केंद्र सरकार ने बड़ा झटका दिया है। श्रम एवं रोजगार विभाग ने पन्ना में कर्मचारी राज्य बीमा निगम का नया अस्पताल स्थापित करने का प्रपोजल खारिज कर दिया है। यह निर्णय अस्पताल खोलने के सभी मापदंडों का परीक्षण करने के बाद लिया गया है।

वीडी शर्मा खजुराहो संसदीय क्षेत्र से सांसद भी हैं। उन्होंने काफी समय पहले अपने संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पन्ना में ईएसआईसी अस्पताल खोलने का प्रपोजल राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजा था। शर्मा के अनुसार जिले के 100 किमी क्षेत्र में कर्मचारी राज्य बीमा निगम का अस्पताल नहीं होने से श्रमिकों को अन्य जिलों में इलाज के लिए जाना पड़ता है।

पन्ना में एनएमडीसी है तो यहां सीमेंट प्लांट भी लगाया गया है। सांसद की यह भी मंशा है कि पन्ना जिले में बड़ी संख्या में मौजूद श्रमिकों को इलाज और उनके बच्चों की नि:शुल्क शिक्षा के लिए नए श्रमोदय आवासीय विद्यालय की स्थापना की जाए। इसके लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।

स्थापना व्यवहारिक नहीं

मप्र सरकार द्वारा ईएसआईसी अस्पताल के लिए भेजे गए प्रपोजल पर श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने सांसद वीडी शर्मा के सवाल के जवाब में जानकारी दी है कि नए आस्पतालों की स्थापना हेतु दिए गए मानदंडों के अनुसार प्रस्ताव की जांच की गई। प्रस्ताव मानदंडों को पूरा नहीं करता है इसलिए पन्ना में ईएसआई अस्पताल की स्थापना करना व्यवहारिक नहीं है। विभाग ने श्रमोदय विद्यालय के लिए स्पष्ट किया है कि भवन और अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण (नियोजन तथा सेवा शर्त विनियमन) अधिनियम 1996 के उपबंधों के अनुसार विद्यालयों के सन्निर्माण कार्य के लिए भवन और अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण निधि का उपयोग नहीं किया जा रहा है।

सतना में जैवविविधता पार्क के लिए रास्ता खुला

सतना के भाजपा सांसद गणेश सिंह के क्षेत्र में जैवविविधता पार्क स्थापित किया जा रहा है। यह प्रदेश का तीसरा पार्क होगा। इसके पहले पातालकोट और अमरकंटक में मंजूर किए गए हैं। राज्य सरकार ने पर्यावरण वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय को सतना की नरो पहाड़ियों में जैवविविधता पार्क बनाने का प्रस्ताव दिया था। इसके लिए कैंपा फंड से 1.45 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इस संबंध में सतना के एसडीओ वन लाल शुभकंर सिंह ने बताया कि हाल ही में तकनीकी स्वीकृति मिली है। नरो पहाड़ी के करीब 30 हेक्टेयर में जैवविवधिता पार्क बनाया जाएगा। इसमें नक्षत्र वन, नवगृह, विलुप्त प्रजातियों के पौधों के साथ मेडिसन प्लांट लगाया जाएगा। फ्रूट प्लांट भी होगा। पार्क में पिकनिक स्पॉट होगा और इससे पर्यटकों का आनाजा ना होगा। देशभर में कुल 19 जैविविधिता पार्क स्थापित किए गए हैं, इनमें अकेले दिल्ली में सात और पश्चिम बंगाल में दस पार्क हैं। मप्र के सतना में नया पार्क बनाने की मंजूरी मिली है।

(इनपुट – पुष्पेंद्र सिंह)

संबंधित खबरें...

Back to top button