Indore News : शूटिंग की आड़ में मासूम से दरिंदगी, ड्रीम ओलंपिक शूटिंग एकेडमी में छात्रा के साथ छेड़छाड़, आरोपी के फोन से मिले आपत्तिजनक वीडियो

इंदौर। शहर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में स्थित ड्रीम ओलंपिक शूटिंग एकेडमी से एक गंभीर मामला सामने आया है। शूटिंग कोच मोहसिन खान पर छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और यौन शोषण के गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर आरोपी मोहसिन को गिरफ्तार कर लिया है और आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है।
2021 से कर रहा था छात्राओं का शोषण
पीड़िता, जो कि मल्हारगंज निवासी है, ने बताया कि वह वर्ष 2021 से नवंबर 2023 तक इस एकेडमी में शूटिंग की ट्रेनिंग ले रही थी। 8 नवंबर 2023 को जब वह रोज की तरह प्रैक्टिस के लिए पहुंची, तब कोच मोहसिन ने रायफल पकड़ाने के बहाने उसके साथ अश्लील हरकत की। जब उसने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे धमकाते हुए कहा- "अगर एकेडमी में रहना है तो जैसा मैं कहूं वैसा करना होगा, वरना तेरा करियर खत्म कर दूंगा।" घटना से डरी और शर्मिंदा छात्रा ने तुरंत शिकायत नहीं की, लेकिन जब उसके परिवार को पूरी घटना का पता चला, तो उन्होंने थाने पहुंचकर केस दर्ज कराया।





















