इंदौर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, 1.048 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, कार समेत 7 लाख का माल जब्त

इंदौर क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.048 किलोग्राम चरस के साथ दो आदतन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक हुंडई कार भी जब्त की गई है। जब्त माल की कुल कीमत लगभग 7 लाख रुपए आंकी गई है। पकड़े गए आरोपी चरस की सप्लाई के इरादे से इंदौर पहुंचे थे।
संदिग्ध कार से हुई कार्रवाई की शुरुआत
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि पुलिस टीम लक्ष्मीबाई नगर रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक हुंडई कार नजर आई, जिसमें बैठे दोनों युवक पुलिस को देखकर घबरा गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर कार को रोका और तलाशी ली, जिसमें उनके पास से 1.048 किलो चरस बरामद हुई।आरोपी कबाड़ और दर्जी का करते थे काम
- अब्दुल रईस (48) - निवासी जिला बड़वानी : पेशे से दर्जी है, शर्ट में काज-बटन लगाने का काम करता है। पूछताछ में उसने बताया कि जल्दी पैसे कमाने की चाह में चरस की तस्करी में शामिल हुआ। उसके खिलाफ थाना सदर बाजार और मल्हारगंज में 2 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं- लड़ाई-झगड़े, जान से मारने की धमकी और जुआ एक्ट से संबंधित।
- मोहम्मद बाबर (40) - निवासी मल्हार पलटन, इंदौर : भंगार और अटला सामान की खरीद-फरोख्त करता है। आरोपी पहले भी NDPS एक्ट के तहत पकड़ा जा चुका है। उसने भी जल्दी कमाई के लिए नशे के कारोबार में कदम रखा।





















