अंतर्राष्ट्रीयताजा खबर

पाकिस्तान सेना चीफ जनरल असीम मुनीर का प्रमोशन, शहबाज सरकार ने बनाया फील्ड मार्शल

इस्लामाबाद। पाकिस्तान की सियासत और फौज में मंगलवार को एक बड़ा फैसला लिया गया। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में जनरल आसिम मुनीर को फील्ड मार्शल पद पर पदोन्नत करने का फैसला किया गया। सरकारी टेलीविजन चैनल ने यह खबर दी।

यह रैंक पाकिस्तान सेना में सर्वोच्च पद होता है और अब मुनीर देश के इतिहास में दूसरे फील्ड मार्शल बन गए हैं। उनसे पहले 1959 में सैन्य तानाशाह अयूब खान ने खुद को इस पद पर नियुक्त किया था।

‘ऑपरेशन बुनयान-उम-मार्सूस’ बना प्रमोशन की वजह

पाक न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार ने मुनीर को भारत के खिलाफ हाल ही में चलाए गए “ऑपरेशन बुनयान-उम-मार्सूस” में उनके कथित नेतृत्व और भूमिका को देखते हुए यह पदोन्नति दी है। हालांकि, भारत की ओर से इस ऑपरेशन को सिर्फ प्रोपेगेंडा करार दिया गया है। भारतीय विश्लेषकों के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई आंतरिक राजनीति और सेना को महिमामंडित करने की कवायद है।

फील्ड मार्शल : पाकिस्तानी सेना का सर्वोच्च सैन्य रैंक

फील्ड मार्शल रैंक को पाकिस्तान की थलसेना, वायुसेना और नौसेना में फाइव स्टार रैंक के तौर पर देखा जाता है। यह जनरल (फोर स्टार) रैंक से ऊपर होता है। यह रैंक किसी भी सेना अधिकारी को असाधारण नेतृत्व क्षमता और योगदान के आधार पर दिया जाता है।

एयर चीफ की सेवा अवधि भी बढ़ाई गई

कैबिनेट ने इसके साथ ही एयर चीफ मार्शल ज़हीर अहमद बाबर सिद्धू की सेवा अवधि भी सर्वसम्मति से बढ़ा दी है। इससे साफ है कि पाकिस्तान की मौजूदा सरकार सैन्य नेतृत्व को पूरी ताकत से अपने साथ बनाए रखना चाहती है।

फील्ड मार्शल बनने के बाद बोले मुनीर- आभारी हूं कि…

पदोन्नति के बाद आसिम मुनीर ने बयान जारी करते हुए कहा, फील्ड मार्शल का सम्मान पाने के लिए मैं अल्लाह का आभारी हूं। यह सम्मान पूरे देश, सशस्त्र बलों, नागरिकों, सैन्य शहीदों और गाजियों को समर्पित करता हूं। मैं राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और कैबिनेट का आभारी हूं कि उन्होंने मुझ पर भरोसा जताया।

कौन हैं फील्ड मार्शल आसिम मुनीर?

आसिम मुनीर ने 1986 में अपना सैन्य करियर शुरू किया था। मुनीर 2022 से पाकिस्तान के आर्मी चीफ के पद पर कार्यरत हैं। वे पाक के 11वें आर्मी चीफ हैं। आर्मी चीफ बनने से पहले वह क्वार्टरमास्टर जनरल के रूप में जीएचक्यू में तैनात थे। निशान-ए-इम्तियाज, हिलाल-ए-इम्तियाज और स्वोर्ड ऑफ ऑनर जैसे कई बड़े सम्मान पा चुके हैं। अब 2025 में फील्ड मार्सल बन गए हैं।

संबंधित खबरें...

Back to top button