India's Got Latent Controversy : समय रैना को पहुंचा दूसरा समन, पेश होने के लिए की अधिक समय की मांग, अभी इस देश में है यूट्यूबर
समय रैना ने वीडियो डिलीट करने की बजाय, शो के सारे वीडियो को प्राइवेट कर दिया है।

मुंबई। यूट्यूबर समय रैना और रणवीर अलाहबादिया के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में पेरेंट्स पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। महाराष्ट्र साइबर सेल ने इस मामले में समय रैना को इस हफ्ते में दूसरी बार समन भेजा है और उन्हें सोमवार फरवरी को पेश होने का निर्देश दिया गया है। हालांकि, समय रैना के वकील ने साइबर सेल को सूचित किया है कि समय अभी अमेरिका में हैं और 17 मार्च को भारत लौटेंगे। इसी के चलते उनके वकील ने समन के जवाब के लिए अधिक समय की मांग की है।
समय रैना ने सभी वीडियो हटाए
विवाद बढ़ने के बाद समय रैना ने इंस्टाग्राम और X पर एक बयान जारी कर सफाई दी। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल से ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो के सारे वीडियो हटा दिए हैं।समय ने लिखा, "जो भी हो रहा है, उसे मैं संभाल नहीं पा रहा हूं। मैंने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के सारे वीडियोज अपने चैनल से रिमूव कर दिए हैं। मेरा मकसद सिर्फ लोगों को हंसाना और खुशी देना था। मैं सभी एजेंसियों के साथ पूरी तरह को-ऑपरेट करूंगा ताकि उनकी जांच सही तरीके से हो सके। थैंक यू।"हालांकि, उनके चैनल पर ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ नामक प्लेलिस्ट में वीडियो डिलीट करने की जगह वीडियो को प्राइवेट कर दिया गया है। इसमें कुल वीडियो की संख्या 14 है।





















