Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Corona Cases In India: नए वैरिएंट से अब तक 100 से ज्यादा मौतें, केरल और महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित

Corona Cases In India: नए वैरिएंट से अब तक 100 से ज्यादा मौतें, केरल और महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित
नई दिल्ली। देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण की आहट सुनाई देने लगी है। इस बार वायरस के नए वैरिएंट्स ने चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2025 से अब तक 13,604 मामले सामने आ चुके हैं और नए वैरिएंट्स से देश में 109 लोगों की जान जा चुकी है। केरल और महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं।

केरल-महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मौतें

देश में कोरोना से अब तक 109 मौतें दर्ज की गई हैं। इनमें से केरल में 35 और महाराष्ट्र में 29 लोगों की जान गई है। इंदौर के अस्पतालों में भी सोमवार को 2 मरीजों की मौत हुई, जिनमें से एक खरगोन और एक रतलाम जिले से था।

इंदौर में 71 एक्टिव केस

इंदौर में कुल 71 एक्टिव केस हैं। पिछले 24 घंटों में 2 नए मरीज मिले हैं। जून महीने में अब तक 106 केस दर्ज किए गए हैं। राहत की बात है कि बीते 24 घंटे में देशभर में कोई नया मामला नहीं मिला, लेकिन 428 लोग ठीक हुए हैं। फिलहाल देश में एक्टिव केस की संख्या घटकर 6,836 रह गई है।

नए वैरिएंट्स का खतरा बढ़ा

ICMR के अनुसार, भारत में कोरोना के 4 नए वैरिएंट्स पाए गए हैं – LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1। इनमें JN.1 सबसे अधिक प्रचलित है। NB.1.8.1 वैरिएंट में A435S, V445H, और T478I जैसे स्पाइक प्रोटीन म्यूटेशन हैं, जो इसे अधिक संक्रामक बनाते हैं। इन पर पहले से बनी इम्यूनिटी का असर भी कम होता है।

WHO की नजर में चिंता की बात नहीं

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इन वैरिएंट्स को गंभीर की श्रेणी में नहीं रखा है, लेकिन उन्हें निगरानी में रखा गया है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, नए मामलों में गंभीर लक्षण कम देखने को मिल रहे हैं, पर हाई रिस्क ग्रुप को सतर्क रहने की जरूरत है।

इन राज्यों ने बढ़ाई तैयारियां

उत्तर प्रदेश: सभी अस्पतालों में दवाएं, PPE किट, ऑक्सीजन सिलेंडर और ICU बेड्स की व्यवस्था के निर्देश। केरल: कोविड लक्षण वाले मरीजों की जांच अनिवार्य, मास्क जरूरी। कर्नाटक: गुलबर्गा मेडिकल संस्थान में 25 बेड का कोविड वार्ड शुरू। नगालैंड: दीमापुर में पहला केस, मरीज होम आइसोलेशन में।

किसे है ज्यादा खतरा?

विशेषज्ञों का कहना है कि मौतें ज्यादातर उन मरीजों की हो रही हैं जो पहले से किसी अन्य बीमारी से जूझ रहे हैं। कोरोना से मृत्यु की दर अब भी 1% के करीब है, पर लापरवाही भारी पड़ सकती है।

देश में मिले कोरोना के 4 नए वैरिएंट

ICMR के डायरेक्टर डॉ. राजीव बहल के अनुसार, देश में चार नए वैरिएंट सामने आए हैं –
  • LF.7
  • XFG
  • JN.1 (भारत में सबसे कॉमन)
  • NB.1.8.1 (तेजी से फैलने वाला, वैक्सीन इम्युनिटी को भी चकमा दे सकता है)
WHO ने इन वैरिएंट्स को “अभी खतरनाक नहीं” लेकिन निगरानी योग्य श्रेणी में रखा है।

क्या है JN.1 वैरिएंट और इसके लक्षण?

JN.1 वैरिएंट, ओमिक्रॉन का BA.2.86 स्ट्रेन है जिसे ‘पिरोला’ भी कहा जाता है। इसमें लगभग 30 म्यूटेशन होते हैं जो इम्यूनिटी को कमजोर करते हैं। संभावित लक्षण:
  • बुखार, सिरदर्द
  • आंखों में जलन
  • सूखी खांसी
  • स्वाद या गंध का चले जाना
  • गले में खराश, नाक बंद होना
  • थकान, मांसपेशियों में दर्द
  • दस्त या उल्टी
यह वैरिएंट गंभीर तो नहीं है, लेकिन तेजी से फैलता है। इस बार के स्ट्रेन में सामान्य लक्षणों के साथ-साथ पेट संबंधी परेशानियां भी देखने को मिल रही हैं।

इन वैरिएंट्स पर कौन सी वैक्सीन असरदार हैं?

विशेषज्ञों के अनुसार, निम्नलिखित वैक्सीन इन वैरिएंट्स पर असरदार हो सकती हैं:
  • फाइजर-बायोएनटेक mRNA वैक्सीन
  • मॉडर्ना mRNA वैक्सीन
  • नोवावैक्स प्रोटीन वैक्सीन
  • कोवोवैक्स (XBB.1.5) प्रोटीन सबयूनिट वैक्सीन
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts