राष्ट्रीय

गुजरात में बड़ा हादसा : मोरबी में केबल पुल टूटा, कई लोग नदी में गिरे

गुजरात के मोरबी में रविवार शाम को बड़ा हादसा हो गया है। यहां मच्छु नदी में बना केबल ब्रिज अचानक टूट जाने से कई लोग नदी में गिर गए। लोगों को नदी से निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल इस बात की जानकारी नहीं मिली है कि पुल टूटने से नदी में कितने लोग गिरे हैं, लेकिन बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त पुल पर बड़ी तादाद में लोग मौजूद थे। पुलिस और प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय लोग भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गए हैं।

5 दिन पहले ही चालू किया था ब्रिज

बताया जा रहा है कि महज 5 दिन पहले ही इस केबल ब्रिज को रिनोवेशन के बाद चालू किया गया था। रिनोवेशन के बाद भी इतना बड़ा हादसा होने पर अब कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। हादसे के बाद केबल ब्रिज की कई तस्वीरें सामने आई हैं, जिसमें नजर आ रहा है कि ब्रिज बीच से टूटकर नदी में समा गया है।

 

ब्रिज की लंबाई करीब 765 फीट है

मोरबी का यह सस्पेंशन ब्रिज 140 साल से भी ज्यादा पुराना है। ब्रिज की लंबाई करीब 765 फीट है। यह सस्पेंशन ब्रिज गुजरात के मोरबी ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक धरोहर है। इस ब्रिज का उद्घाटन 20 फरवरी 1879 को मुंबई के गवर्नर रिचर्ड टेम्पल ने किया था। यह उस समय लगभग 3.5 लाख की लागत से 1880 में बनकर तैयार हुआ था। उस समय इस पुल को बनाने का पूरा सामान इंग्लैंड से ही मंगाया गया था।

पीएम मोदी ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोरबी में हुई दुर्घटना के संबंध में गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल से बात की। उन्होंने बचाव अभियान के लिए टीमों को तत्काल जुटाने के लिए कहा है। पीएम मोदी ने स्थिति की बारीकी से और लगातार निगरानी करने और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने के लिए भी कहा है।

गुजरात के सीएम ने दुख व्यक्त किया

गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य जारी है। घायलों के तत्काल उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। मैं इस संबंध में जिला प्रशासन के लगातार संपर्क में हूं।

संबंधित खबरें...

Back to top button