गाजियाबाद : हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, फायरिंग में सिपाही की मौत; आरोपी एनकाउंटर में गिरफ्तार

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस पर जानलेवा हमला हुआ। नोएडा पुलिस की टीम एक हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने गई थी, लेकिन बदमाशों ने पहले पथराव और फिर फायरिंग कर दी। इस हमले में सिपाही सौरभ कुमार शहीद हो गए। वारदात के बाद से पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है। घटना मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव में रविवार रात हुई। आरोपी कादिर को सोमवार सुबह एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने गई थी नोएडा पुलिस की टीम
नोएडा फेस-3 थाने में 21 मई को दर्ज चोरी के मामले में हिस्ट्रीशीटर कादिर उर्फ मंटा का नाम सामने आया था। पुलिस को सूचना मिली कि कादिर गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव में छिपा है। रविवार रात करीब 12:30 बजे दरोगा सचिन कुमार के नेतृत्व में 6 सदस्यीय टीम गांव में पहुंची और कादिर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।खेतों की आड़ में घात लगाए बैठे थे बदमाश
जैसे ही पुलिस टीम आरोपी को लेकर गांव से बाहर निकली, पंचायत भवन के पास खेतों की आड़ में छिपे बदमाशों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। इसी अफरातफरी में कादिर गाड़ी से कूदकर भाग गया। इसके बाद कादिर और उसके साथियों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं।सिपाही सौरभ को सिर में लगी गोली
दोनों ओर से करीब 20-25 राउंड फायरिंग हुई। इसी दौरान सिपाही सौरभ कुमार के सिर में गोली लग गई। साथी पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उन्हें गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सौरभ शामली जिले के रहने वाले थे और 2017 में पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे।




















