जबलपुरताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

जबलपुर से शुरू होगा कांग्रेस की चुनावी सभाओं का सफर, संस्कारधानी में प्रियंका के रोड शो और आम सभा से होगा आगाज, राहुल और खड़गे को भी बुलाने की तैयारी, दौरे से पहले सियासत का दौर

भोपाल/जबलपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अपनी जमीनी चुनावी तैयारियों के बाद रैलियों और जनसभाओं के जरिए जनमानस को लुभाने की कोशिश करेगी। इसकी शुरूआत जबलपुर से होने जा रही है। यहां 12 जून को कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी रोड-शो के साथ आम सभा को संबोधित करेंगी। कांग्रेस ने प्रियंका के अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी को भी बुलाने की योजना बनाई है। फिलहाल प्रियंका के साथ ये दोनों नेता कर्नाटक चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं और वहां से फुर्सत मिलते ही दोनों एमपी का रुख कर सकते हैं।

इसलिए किया कांग्रेस ने जबलपुर का चयन

2018 के चुनाव में महाकौशल अंचल में कांग्रेस का प्रदर्शन बीजेपी से बेहतर था। महाकौशल में जबलपुर के साथ छिंदवाड़ा, सिवनी, कटनी, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट जिले आते हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने कमलनाथ के गृह जिले छिंदवाड़ा की सभी 7 सीटों के साथ जबलपुर में 8 में से 4 सीटों पर विजयश्री हासिल की थी। अगर पूरे अंचल की बात की जाए तो महाकौशल में कुल 38 सीटें हैं, जिनमें से 24 कांग्रेस के पास हैं। यही वजह है कि कांग्रेस ने अपने इस गढ़ से ही विजय अभियान शुरू करने का मानस बनाया है। कांग्रेस को उम्मीद है कि साल के अंत में होने जा रहे चुनाव में प्रियंका के आने का लाभ पार्टी को महाकौशल से सटे हुए विंध्य और बुंदेलखंड में भी मिलेगा।  इसके अलावा हाल ही में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जबलपुर के कांग्रेस कार्यालय में तोड़-फोड़ की है। प्रियंका अपने जबलपुर दौरे के दौरान इस मामले को भी प्रमुखता से उठा सकती हैं।

दौरे से पहले राजनीति का दौर

इधर, प्रिंयका गांधी के प्रदेश में दौरे से पहले राजनीति का दौर भी शुरू हो गया है। कांग्रेस उनके प्रदेश दौरे से खासी उत्साहित है। एमपी कांग्रेस के मीडिया सेल के उपाध्यक्ष अब्बास हफीज के मुताबिक चुनावी साल में जबलपुर के बाद प्रदेश में प्रियंका गांधी के कई और दौरे होंगे। पार्टी प्रियंका की सभाएं हर संभाग में आयोजित कराने की भी तैयारी कर रही है। हफीज का दावा है कि महिलाओं और युवाओं के साथ प्रियंका की कनेक्टिविटी का फायदा पार्टी को खूब मिलेगा। इधर, बीजेपी की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता डॉ दुर्गेश केसवानी के मुताबिक प्रियंका और राहुल की सभाएं महज चुनावी पर्यटन बनकर रह जाएंगी। डॉ केसवानी ने प्रियंका के जबलपुर आने पर तंज कसते हुए कहा कि वे यूपी में जहां-जहां गईं, वहां कांग्रेसियों की जमानत जब्त हो गई थी। यही नजारा इस बार एमपी में दिखेगा।

ये भी पढ़ें – चुनावी साल में दल-बदल, सिंधिया की वजह से मुश्किल हुई बीजेपी की राह, दीपक जोशी, भंवरसिंह शेखावत जैसे आधा दर्जन नेता पार्टी छोड़ने की तैयारी में, भाजपा भी कर सकती है कांग्रेस में तोड़-फोड़, आप और बसपा की भी तैयारी

 

संबंधित खबरें...

Back to top button