
टेक्सास। अंतरिक्ष की दुनिया में इतिहास रचते हुए मशहूर हॉलीवुड सिंगर कैटी पेरी, अमेरिकी अरबपति जेफ बेजोस की मंगेतर लॉरेन सांचेज समेत 6 महिलाएं सफलतापूर्वक अंतरिक्ष की सैर कर पृथ्वी पर लौट आई हैं। यह मिशन रविवार शाम भारतीय समयानुसार 7 बजकर 2 मिनट पर टेक्सास से लॉन्च हुआ। अमेजन फाउंडर जेफ बेजोस की ब्लू ओरिजिन कंपनी द्वारा संचालित इस मिशन का नाम NS-31 था और यह न्यू शेपर्ड प्रोग्राम का हिस्सा था।
पहली बार ऑल विमेन क्रू अंतरिक्ष में
यह खास मिशन इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि 1963 के बाद यह पहला मौका है जब केवल महिलाओं का एक दल अंतरिक्ष में गया। 1963 में सोवियत इंजीनियर वेलेंटिना तेरेश्कोवा ने अकेले अंतरिक्ष की यात्रा कर इतिहास रचा था। अब 61 साल बाद एक ऑल विमेन क्रू ने ये उपलब्धि हासिल की है।
इन 6 महिलाओं ने रचा इतिहास
हॉलीवुड की मशहूर गायिका कैटी पेरी, अमेरिकी अरबपति जेफ बेजोस की मंगेतर और पत्रकार लॉरेन सांचेज, प्रसिद्ध टीवी प्रजेंटर गेल किंग, मानवाधिकार कार्यकर्ता और नॉबेल प्राइस नॉमिनी अमांडा गुयेन, हॉलीवुड फिल्म निर्माता केरियन फ्लिन और NASA की पूर्व रॉकेट साइंटिस्ट आइशा बोवे इस मिशन का हिस्सा बनीं।
100 किमी की ऊंचाई तक पहुंचा रॉकेट
यह उड़ान अमेरिका के स्थानीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे और भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू हुई। न्यू शेपर्ड रॉकेट पृथ्वी से 100 किमी की ऊंचाई तक गया, जिसे कारमन लाइन कहते हैं। यही वह सीमा है, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अंतरिक्ष की शुरुआत माना जाता है।
बिना पायलट किया गया ऑपरेट
न्यू शेपर्ड रॉकेट को खास तौर पर इस तरह डिजाइन किया गया है कि उसे किसी पायलट की जरूरत नहीं होती। अंतरिक्ष यात्रा के बाद इसका कैप्सूल पैराशूट की मदद से सुरक्षित तरीके से पृथ्वी पर लैंड करता है। वहीं रॉकेट का बूस्टर लॉन्च साइट से करीब दो मील दूर खुद ही वर्टिकल लैंडिंग करता है।
सिर्फ 11 मिनट की थी अंतरिक्ष यात्रा
इस मिशन की कुल अवधि 11 मिनट की थी, लेकिन इस दौरान यात्रियों ने अंतरिक्ष की वास्तविक स्थिति का अनुभव किया, जिसमें जीरो ग्रेविटी की स्थिति और पृथ्वी का अंतरिक्ष से दृश्य शामिल है।
एक सीट की कीमत करीब 1.14 करोड़ रुपए
ब्लू ओरिजिन कंपनी ने इस यात्रा के लिए टिकट की कीमत का खुलासा नहीं किया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार एक सीट के लिए करीब 150,000 अमेरिकी डॉलर यानी लगभग ₹1.14 करोड़ रुपए देने होते हैं।
सिर्फ दो दिन की स्पेशल ट्रेनिंग में तैयार होता है यात्री
ब्लू ओरिजिन के अनुसार, मिशन से पहले यात्रियों को दो दिन की ट्रेनिंग दी जाती है, जिसमें शारीरिक फिटनेस, इमरजेंसी प्रोटोकॉल, सुरक्षा उपाय और जीरो ग्रेविटी में व्यवहार की जानकारी दी जाती है।
क्या है स्पेस टूरिज्म
स्पेस टूरिज्म यानी अंतरिक्ष पर्यटन, अब तेजी से विकसित हो रहा है। इसमें आम नागरिकों को कुछ मिनटों या घंटों के लिए अंतरिक्ष में भेजा जाता है ताकि वे जीरो ग्रेविटी का अनुभव कर सकें और पृथ्वी को अंतरिक्ष से देख सकें। इस क्षेत्र की शुरुआत 2001 में अमेरिकी बिजनेसमैन डेनिस टीटो ने की थी, जब उन्होंने रूसी एजेंसी की मदद से अंतरिक्ष की यात्रा की थी। आज वर्जिन गैलेक्टिक, स्पेसएक्स और ब्लू ओरिजिन जैसी प्राइवेट कंपनियां इस क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।