
दिल्ली नगर निगम चुनाव- 2022 का ऐलान आज हो सकता है। दिल्ली इलेक्शन कमीशन ने शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। इस दौरान एमसीडी चुनाव की तारीखों की घोषणा हो सकती है। फिलहाल, दिल्ली एमसीडी पर भारतीय जनता पार्टी का कब्जा है। माना जा रहा है कि दिसंबर या फिर जनवरी तक नगर निगम का चुनाव हो जाएगा।
महिलाओं के लिए 50% सीटें आरक्षित
दिल्ली नगर निगम की 250 सीटों में से अनुसूचित जाति (SC) के लिए 42 सीटें आरक्षित की गई हैं। वहीं महिलाओं के लिए भी 50 फीसदी सीटें आरक्षित रहेंगी। इन सीटों को भी चिन्हित कर लिया गया है।
कौन डाल सकेगा वोट?
केंद्र सरकार ने दिल्ली नगर निगम के वार्डों के परिसीमन के बाद 18 अक्टूबर को एक नोटिफिकेशन जारी किया था। जिसमें कहा गया था कि, मुख्य निर्वाचन अधिकारियों द्वारा संशोधित मतदाता सूची की अंतिम तिथि 1 जनवरी, 2023 है। इसके मुताबिक, जो लोग 1 जनवरी, 2023 तक मतदाता बने वे ही आगामी एमसीडी चुनाव में वोट डाल सकेंगे।
एमसीडी पर 15 साल से बीजेपी का कब्जा
बीजेपी दिल्ली नगर निगम में पिछले 15 साल से काबिज है और जीत के सिलसिले को बरकरार रखना चाहती है। वहीं, आम आदमी पार्टी इस बार बीजेपी के लिए चुनौती बनती जा रही है। गौरतलब है कि केंद्र ने इसी साल मई में दिल्ली के तीनों नगर निगमों को फिर से एक करके एकीकृत दिल्ली नगर निगम बनाने की घोषणा की थी।