
मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला और बालाघाट सीमा पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रविवा रको बड़ी मुठभेड़ हुई है। इस दौरान हॉकफोर्स ने एक महिला नक्सली को मार गिराया। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने इसकी पुष्टि की है।
कैसे हुआ एनकाउंटर?
दरअसल, यह मुठभेड़ कान्हा नेशनल पार्क के खटिया मोचा क्षेत्र के चिमटा फॉरेस्ट कैंप में हुई। रविवार दोपहर करीब 1 बजे सुरक्षाबलों की टीम गश्त कर रही थी, तभी नक्सलियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला और गोलीबारी के दौरान एक महिला नक्सली मारी गई।
इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
मुठभेड़ के बाद भी सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन जारी रखा है। अंधेरा होने के बावजूद जवान जंगल में नक्सलियों की तलाश कर रहे हैं। माना जा रहा है कि इलाके में और भी नक्सली मौजूद हो सकते हैं। इस कारण सुरक्षाबलों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
बालाघाट-मंडला क्षेत्र में बढ़ी नक्सली गतिविधियां
बालाघाट और मंडला का इलाका मध्य प्रदेश का नक्सल प्रभावित क्षेत्र माना जाता है। बीते कुछ वर्षों में यहां नक्सली गतिविधियां बढ़ी हैं। सुरक्षाबलों द्वारा लगातार ऑपरेशन चलाकर नक्सलियों पर दबाव बनाया जा रहा है। इस मुठभेड़ के बाद इलाके में हाई अलर्ट जारी किया गया है।
पुलिस और हॉकफोर्स की टीम इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं, जिससे नक्सलियों के नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके। अधिकारियों के मुताबिक, मारे गए नक्सली की पहचान और उसके संगठन से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।